दिल्ली में कड़ाके की ठंड से मिली कुछ राहत, 19 दिनों बाद दिनभर खिली धूप

राजधानी दिल्ली में 19 दिनों बाद दिनभर सूरज निकला रहा। इसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ है और लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली है।

Update: 2022-01-28 03:25 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजधानी दिल्ली में 19 दिनों बाद दिनभर सूरज निकला रहा। इसके चलते दिन के अधिकतम तापमान में भी इजाफा हुआ है और लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों के बीच सुबह के समय हल्का कोहरा और दिन में आसमान साफ रहेगा।

दिल्लीवालों के लिए इस बार जनवरी में ठंड का सीजन कुछ ज्यादा ही लंबा खिंच गया। खासतौर पर आठ तारीख के बाद से दिल्ली के लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा है। पश्चिम उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बनी निचली सतह के बादल (लो क्लाउड) और कोहरे के चलते ज्यादातर समय सूरज की रोशनी सतह तक नहीं पहुंच सकी। इससे दिन के अधिकतम तापमान में खासी गिरावट देखने को मिली।
खासतौर पर 25 जनवरी को सबसे कम अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से दस डिग्री नीचे रहा था। लेकिन, अब आसमान साफ होने से दिन के अधिकतम तापमान में इजाफा दर्ज किया जा रहा है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में गुरुवार की सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। लेकिन, आठ बजे तक कोहरा साफ होने लगा और धूप निकल आई।
आठ जनवरी के बाद यह पहला मौका रहा जब सुबह से लेकर शाम तक सूरज की मौजूदगी लगातार बनी रही। आठ जनवरी के बाद से केवल कुछ दिन ही ऐसे रहे थे जब बीच-बीच में एक-दो घंटे के लिए सूरज के दर्शन हुए। अब दिनभर धूप निकलने से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है।
दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में गुरुवार के दिन अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। लेकिन, बुधवार की तुलना में इसमें ढाई डिग्री से ज्यादा का इजाफा हुआ है। यहां पर न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। दिल्ली का मुंगेशपुर इलाका सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Tags:    

Similar News

-->