Noida नोएडा : जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे समाजवादी पार्टी (सपा) में नोएडा महानगर स्तर पर अंदरूनी वर्चस्व की लड़ाई भी सामने आने लगी है। संगठन के भीतर अलग-अलग गुटों की सक्रियता बढ़ने से राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।हाल ही में समाजवादी पार्टी नोएडा विधानसभा अध्यक्ष बबलू चौहान द्वारा एक बड़ी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कई पूर्व महानगर अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। बैठक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यकर्ताओं के अनुसार, बबलू चौहान की इस बैठक में जो भीड़ जुटी, वह अब तक महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता द्वारा आयोजित बैठकों से कहीं अधिक थी। दावा किया जा रहा है कि इस बैठक में उपस्थित लोगों की संख्या पूर्व की बैठकों की तुलना में लगभग चार गुना ज्यादा रही।बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर तैयारी तेज करने और आगामी चुनावों में रणनीति को लेकर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जमीनी स्तर पर पार्टी को और अधिक सक्रिय करने की जरूरत है ताकि विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन किया जा सके।
वहीं दूसरी ओर, पार्टी के भीतर इस तरह की अलग-अलग बैठकों और शक्ति प्रदर्शन को लेकर अंदरूनी प्रतिस्पर्धा की चर्चा भी तेज हो गई है। हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, संगठन के भीतर सक्रियता और नेतृत्व को लेकर खींचतान और बढ़ सकती है। ऐसे में पार्टी के लिए सभी गुटों को एक साथ जोड़कर चलना बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।फिलहाल नोएडा सपा में बढ़ती गतिविधियों ने स्थानीय राजनीति में हलचल जरूर बढ़ा दी है और आने वाले दिनों में इस पर और स्पष्ट तस्वीर सामने आने की संभावना है।