PM मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को भेंट की बस्तर की डोकरा ‘ट्री ऑफ लाइफ’ मूर्ति
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ के बस्तर की प्रसिद्ध डोकरा धातु कला से बनी ‘ट्री ऑफ लाइफ’ मूर्ति उपहार में दी। यह कलाकृति भारत की प्राचीन डोकरा शिल्प परंपरा को दर्शाती है, जिसे दुनिया की सबसे पुरानी धातु ढलाई तकनीकों में से एक लॉस्ट-वैक्स कास्टिंग तकनीक से तैयार किया जाता है। कुशल जनजातीय कारीगरों द्वारा हाथ से बनाई गई यह मूर्ति पीढ़ियों से चली आ रही कला और अनूठे शिल्प कौशल को प्रदर्शित करती है।
‘ट्री ऑफ लाइफ’ जीवन के आपसी जुड़ाव, पुनर्नवीकरण, समृद्धि और मानव एवं प्रकृति के बीच संतुलन का प्रतीक है। यह भारतीय संस्कृति के कल्पवृक्ष की अवधारणा को दर्शाने के साथ न्यूजीलैंड की माओरी परंपरा के व्हakapapa विचार से भी जुड़ाव दिखाती है। यह उपहार भारत की जनजातीय विरासत, टिकाऊ हस्तशिल्प, कारीगरों की आजीविका और सांस्कृतिक निरंतरता, पर्यावरण संरक्षण एवं सह-अस्तित्व के मूल्यों को प्रदर्शित करता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हिमालयी पहचान का प्रतीक पारंपरिक पहाड़ी टोपी (उत्तराखंडी कैप) उपहार में दी। उच्च गुणवत्ता वाले ऊन से हाथ से तैयार की गई यह टोपी गर्माहट के साथ पारंपरिक बुनाई कला की खूबसूरती को दर्शाती है। इसकी आकर्षक बुनी हुई पट्टी इसे खास पहचान देती है। उत्तराखंडी टोपी को त्योहारों, धार्मिक आयोजनों, विवाह समारोहों और सामुदायिक कार्यक्रमों में विशेष रूप से पहना जाता है। यह गौरव, सम्मान, आतिथ्य और क्षेत्रीय पहचान का प्रतीक मानी जाती है। यह उपहार स्थानीय परंपराओं और प्राकृतिक पर्यावरण के बीच सामंजस्य को दर्शाता है। साथ ही यह भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक बुनाई तकनीकों और कुशल कारीगरों की कला के संरक्षण का संदेश भी देता है।