नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लाल किले पहुंचे। लाल किले पहुंचने पर प्रधानमंत्री को पारंपरिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। समारोह स्थल पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सलामी गारद का निरीक्षण किया। इसके बाद वह ऐतिहासिक प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन में देशभर से आए विशेष अतिथि, वीरता पुरस्कार विजेता, युवा, किसान और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हो रहे हैं। लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।



 


हर साल 15 अगस्त को लाल किले पर तिरंगा फहराया जाता है और पूरा देश प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनता है। इस स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार 13वीं बार राष्ट्र को संबोधित करने के लिए इस ऐतिहासिक किले की प्राचीर पर लौट रहे हैं। वे 2014 में शुरू हुई इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। यह कार्यक्रम आजादी के 80 साल पूरे होने और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150 साल पुरानी विरासत को याद करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। पहली बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से ‘वंदे मातरम’ गाया जाएगा।

तेरह संबोधन, अनगिनत पल और एक ऐसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि जिसने दशकों से भारत की यात्रा को देखा है। प्रधानमंत्री मोदी पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लगातार 11 भाषणों के रिकॉर्ड को तोड़ चुके हैं। जवाहरलाल नेहरू का 17 भाषणों का रिकॉर्ड अभी भी उनके नाम है।


 


2014 से लेकर 2025 तक मोदी ने लगातार 12 बार लाल किले से संबोधन दिया था। 15 अगस्त 2026 को यह संख्या 13 हो जाएगी। नेहरू ने 1947 से 1963 तक लगातार 17 बार स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित किया था, जबकि इंदिरा गांधी ने कुल 16 बार संबोधन दिया, जिनमें से 11 लगातार थे।

Tags: