राजधानी दिल्ली में चार अगस्त को 50 हजार बच्चे दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे: मुख्यमंत्री केजरीवाल

Update: 2022-07-29 05:00 GMT

दिल्ली न्यूज़: दिल्ली में चार अगस्त को हजारों बच्चे खड़े होकर दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे और भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाने का संकल्प भी लेंगे। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के करीब 50,000 बच्चों के यहां बुराड़ी मैदान में होने वाले कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीरवार को यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने डिजिटल प्रेसवार्ता के दौरान लोगों से आग्रह किया कि वे राष्ट्र को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए साथ आएं। उन्होंने कहा कि भारत के पास सभी तरह के संसाधन थे, फिर भी 75 वर्षों में कई देश तेजी से विकास कर हमसे आगे निकल गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर ने भारत को नदियों, खनिज अयस्कों, पहाड़ों, जड़ी-बूटियों, फसलों, महासागरों और समुद्रों की प्रचुरता के साथ आशीर्वाद दिया है। भारतीय दुनिया में सबसे बुद्धिमान और सबसे मेहनती हैं, फिर भी हम पीछे क्यों हैं। केजरीवाल ने कहा कि भारतीय दुनिया में सबसे बुद्धिमान होते हैं। अगर नेताओं और राजनीतिक दलों के भरोसे देश को छोड़ दें तो राष्ट्र पीछे रह जाएगा। आइए, शपथ लें कि हम 130 करोड़ भारतीय अपने देश को विश्व का सबसे अच्छा राष्ट्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि 75 साल पहले जब पूरा देश एक साथ आया था, हमने अंग्रेजों को खदेड़ दिया था। आज हम सभी को भारत को दुनिया का सबसे महान देश बनाने के लिए फिर से एक साथ आना होगा। उन्होंने कहा कि इस सपने को साकार करने के लिए उद्यमियों, किसानों, उद्योगपतियों, मजदूरों, सेवा वर्ग के सदस्यों, डॉक्टरों, इंजीनियरों और वकीलों की भागीदारी की आवश्यकता है।

Tags:    

Similar News

-->