थाई यूट्यूबर से मांगी ‘KISS’, लाइव वीडियो सामने आने पर ऑटो चालक गिरफ्तार
वीडियो वायरल होते ही गिरफ्तारी
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में थाईलैंड की एक यूट्यूबर से अभद्रता करने के आरोप में पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है। घटना नगर निगम के मेले में उस समय हुई, जब युवती मोबाइल से लाइव स्ट्रीमिंग कर रही थी। आरोपी उसके पास पहुंचकर बार-बार आपत्तिजनक मांग करने लगा। उसकी हरकत मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 नवंबर की है। थाईलैंड की युवती उदयपुर घूमने आई थी और उसने शहर में घूमने के लिए एक ऑटो किराए पर लिया था। संबंधित ऑटो चालक ने उसे दो दिन तक शहर की अलग-अलग जगहों पर घुमाया था। मेले में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान उसी चालक पर युवती से अभद्रता करने का आरोप है।
युवती ने 14 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घटना का वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ उसने घटना के बारे में संदेश भी लिखा। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।
थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के अनुसार, आरोपी की पहचान उदयपुर के सेक्टर-11 स्थित महाराज का अखाड़ा निवासी आफताब उर्फ गबरू पुत्र अबरार खान के रूप में हुई है। वह ऑटो चालक है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अभद्रता का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, थाईलैंड की यूट्यूबर इन दिनों भारत की यात्रा पर है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 70 हजार फॉलोअर्स हैं। वह अपनी यात्रा से जुड़े अनुभव सोशल मीडिया पर साझा कर रही है। इसी दौरान उदयपुर में हुई यह घटना उसके मोबाइल में रिकॉर्ड हुई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामले की चर्चा हो रही है। पुलिस आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।