New Delhi: मानसून के मद्देनजर अधिकारियों को अलर्ट, जलभराव न होने के निर्देश

जलभराव रोकने के लिए सभी विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश

Update: 2026-07-03 05:46 GMT

नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने दिल्ली में मानसून के आगमन को देखते हुए अधिकारियों को जलभराव की रोकथाम के लिए पूरी गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को मानसून के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों को जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील अथवा संभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां अतिरिक्त पंप, डी-वॉटरिंग मशीनें तथा आवश्यक उपकरण पहले से ही उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही इन स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भारी वर्षा की स्थिति में जल निकासी का कार्य तत्काल प्रारंभ किया जा सके और जलभराव को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की नियमित निगरानी करें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नालों, ड्रेनों और जल निकासी मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं जलभराव, पेड़ गिरने अथवा मानसून से संबंधित कोई अन्य समस्या दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल एमसीडी 311 ऐप अथवा निगम के कंट्रोल रूम के माध्यम से दें, ताकि संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई कर सके।

सत्या शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि एमसीडी 311 ऐप और कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करें।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, सुचारु यातायात तथा जलभराव मुक्त दिल्ली सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

Tags:    

Similar News