‘मेरा फोन टैप करा रहे हैं प्रधानमंत्री’, राहुल गांधी का बड़ा आरोप; फिर दी खुली बहस की चुनौती
नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है. उन्होंने कहा, "मेरे सभी आरोपों के सबूत मेरे फोन में हैं, जिसे प्रधानमंत्री टैप करा रहे हैं. वन-ऑन-वन बहस से यह साबित हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है, देश विरोधी कौन है और कब से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है. ऐसी कई दूसरी जानकारियां भी हैं, जो मुझे पता हैं और मेरे फोन में मौजूद हैं."
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने सार्वजनिक बहस की चुनौती भी दी. उन्होंने दावा किया कि अगर दोनों के बीच वन-ऑन-वन बहस हुई तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे.
इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी' सेशन के दौरान राहुल से पूछा गया था कि जब बीजेपी संसद में बहस के लिए तैयार है तो वह सार्वजनिक बहस पर जोर क्यों दे रहे हैं. इस पर उन्होंने कहा कि लोकसभा में उन्हें बोलने नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद कर दिया जाता है.
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें कृषि कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर बोलने नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि वह लंबे भाषणों वाली बहस नहीं चाहते, बल्कि सीधी बातचीत चाहते हैं, जिसमें दोनों नेता एक-दूसरे पर आरोप लगा सकें.
राहुल ने कहा कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी एक तरफ बैठें और वह दूसरी तरफ, दोनों के बीच सीधे सवाल-जवाब हों. उन्होंने यह भी कहा कि बहस के लिए गौतम अडानी या आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाया जाए तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी.
राहुल गांधी ने कहा, "मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे." वह इससे पहले भी कई बार मोदी को खुली बहस की चुनौती दे चुके हैं. एक बार उन्होंने दावा किया था कि पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री 'गद्दार' हैं.
बीजेपी नेताओं ने राहुल की चुनौती को खारिज करते हुए उन पर संसद में बहस से बचने का आरोप लगाया है. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि संसद बहस के लिए पहले से उपलब्ध मंच है और राहुल को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर गंभीरता और जिम्मेदारी दिखानी चाहिए.