NCR Ghaziabad: महाशिवरात्रि पर गर्भवती महिलाओं को दो दिन अस्पताल जाने में होगी परेशानी
"मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते को बंद किए जाने से सोमवार से ही आवागमन में परेशानी शुरू"
गाजियाबाद: महाशिवरात्रि पर दूधेश्वरनाथ मंदिर के सामने की सड़क पर वाहनों का आवागमन बंद किए जाने से जिला महिला अस्पताल में उपचार कराने जाने वाली गर्भवती महिलाओं को परेशानी हो सकती है। मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते को बंद किए जाने से सोमवार से ही आवागमन में परेशानी शुरू हो गई। एंबुलेंस को एमएमजी अस्पताल के पिछले रास्ते यानि मोर्चरी के पास तक गर्भवती को ले जाया जा सकेगा।
महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने दूधेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर हल्के और भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है। यातायात पुलिस के मुताबिक मंगलवार सुबह छह बजे से बुधवार रात 12 बजे तक गोशाला चौकी से मंदिर की ओर और जीटी रोड पर अस्पताल के आगे से जस्सीपुरा के रास्ते केवल पैदल यात्री या श्रद्धालु ही मंदिर की ओर जा पाएंगे। रूट डायवर्जन की वजह से दूधेश्वरनाथ मार्ग के बीचोबीच पड़ने वाले जिला महिला अस्पताल में मरीजों को जाने के लिए परेशानी हो सकती है। वाहनों का प्रवेश निषेध होने से अस्पताल तक गर्भवती महिलाओं को मुख्य मार्ग से पैदल ही जाना पड़ेगा। जस्सीपुरा मोड़ पर बैरिकेडिंग के कारण एंबुलेंस के पहुंचने पर भी संकट है।