दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लिव-इन पार्टनर की हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस केस में 26 वर्षीय आरोपी को पकड़ा गया है। आरोपी ने दिल्ली के तेलीवारा इलाके में अपने भाई और बहन की मदद से अपने लिव-इन पार्टनर की हत्या कर दी थी। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी विनीत पंवार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि 12 अप्रैल को उसे सूचना मिली कि करावल नगरमें कृष्णा पब्लिक स्कूल के पास एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने कहा कि बाद में शव की पहचान उत्तराखंड के मिराजपुर निवासी रोहिना नाज उर्फ माही (25) के रूप में हुई। पुलिस ने कहा कि पंवार, उसका भाई मोहित और बहन पारुल हत्याकांड में मुख्य संदिग्ध थे। छानबीन में पता चला कि तीनों इस हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि छानबीन में हमें यह पता चला था कि विनीत पंवार (Vineet Panwar), उसका भाई मोहित और उसकी बहन पारुल हत्याकांड में मुख्य संदिग्ध थे। विनीत पंवार का एक दोस्त इरफान शव को करावल नगर इलाके में फेंकने में शामिल था। पारुल, मोहित और इरफान को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन विनीत पंवार फरार चल रहा था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिछले दिनों पुलिस को सूचना मिली कि पंवार गाजियाबाद के लोनी में है जिसके बाद अपराध शाखा की एक टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, विनीत पंवार (Vineet Panwar) ने स्वीकार किया कि 2017 में उसकी नाज से जान पहचान हुई थी

और उसने उसके साथ लिव-इन में रहना शुरू कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि पंवार को इसके पहले 2017 में बागपत में एक हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।


Tags: