Delhi दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को मनु भाकर से अपने आवास पर मुलाकात की। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली मुन भाकर से मुलाकात की खुशी शेयर की। किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "दुनिया भर में भारत को गर्व महसूस कराने वाले हमारे एथलीटों से मिलकर विशेष खुशी होती है। अपने घर पर डबल-ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर के साथ मुलाकात की। उनका समर्पण, जुनून और प्रतिबद्धता अगली पीढ़ी के एथलीटों के सपनों को आकार दे रहा है।"
टोक्यो ओलंपिक में पिस्टल में आई खराबी के कारण पदक जीतने से चूक गई 22 साल की मनु ने 2024 में पेरिस में आयोजित ओलंपिक में इतिहास रचा था। मनु ने एक नहीं बल्कि दो पदक जीते। एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय हैं। मनु ने पेरिस ओलंपिक में अपना पहला पदक महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता। मनु ने कांस्य पदक जीता। इसके बाद सरबजोत सिंह के साथ मिलकर उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम इवेंट में कांस्य पदक जीता।
वह महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल इवेंट में चौथे स्थान पर रही थीं और अपना तीसरा पदक जीतने से चूक गई थीं। मनु शुरू में हंगरी की पूर्व वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर वेरोनिका मेजर के साथ तीसरे स्थान पर थीं, लेकिन शूट-ऑफ सीरीज में दो पॉइंट गंवाने से हंगरी की खिलाड़ी तीसरे स्थान पर रही।
काहिरा में हाल ही में खत्म हुई आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में, वह मेडल से चूक गईं। उन्होंने रैपिड-फायर राउंड में कॉन्फिडेंस के साथ 586 स्कोर किया और आसानी से टॉप आठ में पहुंच गईं। लेकिन फाइनल में, ईशा सिंह और फ्रांस की मैथिल्डे लामोले परफेक्ट फाइव के साथ आगे बढ़ीं, जबकि वह सिर्फ दो हिट के साथ शूट-ऑफ में हार गईं। मनु भाकर का सपना लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतना है।