DM's की बैठक में औद्योगिक मुद्दों पर चर्चा, समाधान के आदेश

पदाधिकारी भी शामिल रहे।

Update: 2026-07-03 11:20 GMT

Noida नोएडा :  गौतमबुद्धनगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में छपरौला-दादरी औद्योगिक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी शामिल रहे।

बैठक के दौरान एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर एनएचएआई द्वारा कराए जा रहे ड्रेनेज कार्य में हो रही देरी, पुराने विद्युत उपकेंद्र में जलभराव की समस्या, औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन वाहन की अनुपलब्धता तथा नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-4 से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि औद्योगिक इकाइयों और व्यापारिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर ड्रेनेज कार्य की समीक्षा के दौरान एनएचएआई के संबंधित ठेकेदार की बैठक में अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेजकर पूरी स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा, नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-4 से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण और पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम मेधा रूपम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि औद्योगिक और व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और सभी लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि उद्योग प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाए ताकि उनकी समस्याओं का स्थायी और प्रभावी समाधान हो सके।बैठक में डिप्टी कलेक्टर विवेक भदोरिया, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और छपरौला-दादरी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News