दिल्ली में 5 नाबालिगों ने मिलकर 21 साल के युवक की चाकू से घोपकर हत्या की, CCTV में कैद वारदात, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नाबालिगों ने खून-खराबा किया। 5 नाबालिगों ने मिलकर 21 साल के एक युवक को मार डाला।

Update: 2022-08-10 01:30 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नाबालिगों ने खून-खराबा किया। 5 नाबालिगों ने मिलकर 21 साल के एक युवक को मार डाला। पुलिस ने बताया है कि मयूर विहार इलाके में युवक की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या की गई है। मृतक की पहचान तुषार के तौर पर हुई है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना 8 अगस्त को हुई है। नाबालिगों और युवक के बीच बहस हुई थी। तीन नाबालिगों को अब तक हिरासत में लिया जा चुका है। मयूर विहार पुलिस को सूचना मिली थी कि 16 ब्लॉक त्रिलोकपुरी में युवक को चाकू से गोदा गया है। घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो युवक खून से लथपथ पड़ा था। पुलिस ने उसे एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया था।
इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और मामले की तफ्तीश शुरू की। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 34 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। जिसके आधार पर यह पता चला कि युवक की हत्या में शामिल सभी लड़के नाबालिग थे। इनमें से तीन को पकड़ लिया गया है।
शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि मारे गए युवक और हमलावरों के बीच पहले से जान-पहचान थी। घटना से पहले किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई थी और फिर इस भयानक वारदात को अंजाम दिया गया था। अब पुलिस मामले में आगे की तफ्तीश कर रही है।
कुछ मीडिया रिपोर्टस में बताया गया है कि तुषार के पेट, जांघ और शरीर के दूसरे हिस्सों में चाकू से हमला किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि कुछ लड़के तुषार पर चाकू से हमला करते हैं और वो बचने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं।

Tags:    

Similar News