Delhi प्रदर्शन कर रहे छात्रों की पिटाई पर सुप्रीम कोर्ट के जज ने उठाए सवाल
दिल्ली Delhi सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस उज्ज्वल भुइयां ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर NEET छात्रों के हालिया विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों से जिस निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है, वह गायब होती दिख रही है।
पूर्व सचिव (सुरक्षा) यशोवर्धन आज़ाद की किताब "पुलिसिंग द रिपब्लिक" के लॉन्च पर बोलते हुए जस्टिस भुइयां ने कहा: "जब हम इंडियन पुलिस सर्विस के युवा अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से जाकर प्रदर्शनकारियों और आंदोलनकारियों के साथ मारपीट करते हुए देखते हैं, तो हम सभी को निराशा होती है। यह देखना बहुत ही दुखद है।" उन्होंने कहा, "पुलिस अधिकारियों से जिस निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है, वह किसी तरह गायब होती दिख रही है और यह वास्तव में गंभीर चिंता का विषय है।"
जस्टिस भुइयां ने कहा कि ज़रूरत से ज़्यादा बल प्रयोग या मानवाधिकारों के उल्लंघन के बिना भी प्रभावी पुलिसिंग की जा सकती है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम, महाराष्ट्र के पूर्व DGP डी. शिवानंदन और अन्य लोग शामिल हुए।