भीषण गर्मी की चपेट में दिल्ली, कई इलाकों में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पार

Update: 2024-05-28 02:14 GMT
नई दिल्ली। सोमवार को भी राष्ट्रीय राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में रही। कई इलाकों का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने भी हाल बेहाल किए रखा। मौसम विभाग की मानें तो दो तीन दिनों तक लू की स्थिति से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सीजन का दूसरा सबसे अधिक 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 63 से 19 प्रतिशत रहा।
दिल्ली के ये इलाके सबसे गर्म
मुंगेशपुर दूसरे दिन भी दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक 48.8 डिग्री दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से आठ डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से पांच डिग्री अधिक है।
क्यों दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि नजफगढ़ और मुंगेशपुर में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया, क्योंकि ये शहर के बाहरी इलाके थे। उन्होंने कहा, "दूसरा कारण हवा की दिशा है। जब हवा पश्चिम से चलती है तो उन क्षेत्रों को सबसे पहले प्रभावित करती है। चूंकि वे बाहरी इलाके में हैं, तापमान तेजी से बढ़ता है।" श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में लू का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
44-48 डिग्री के बीच रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसमें कहा गया है कि शहर सोमवार को रेड अलर्ट पर था और अगले तीन दिनों तक ऐसा ही रहेगा। 2023 में दिल्ली में मई के दौरान एक भी दिन लू नहीं चली, जबकि 2022 में चार दिन लू चली।
आसमान से बरसती आग का करना पड़ेगा सामना
भीषण गर्मी की मार झेल रहे दिल्ली वासियों को अगले तीन दिन तक आसमान से बरसती आग का सामना करना पड़ेगा। हालांकि सप्ताह के आखिर में वर्षा की फुहारें कुछ राहत लेकर आ सकती हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में दो दिन तक हल्की वर्षा का पूर्वानुमान जाहिर किया है। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। बादलों की आवाजाही और हवा से भी हल्की राहत मिल सकती है।
आज और कल भी रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दोनों ही दिन अधिकतर जगहों पर लू का का सामना करना पड़ सकता है। आसमान साफ रहेगा तो चिलचिलाती धूप भी परेशान कर सकती है। दिन में कभी-कभी 20-30 किमी प्रति घंटे की गति से धूल भरी हवा चल सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहने की संभावना है।
अगले दिन न्यूनतम तापमान बढ़कर 30 डिग्री पहुंच सकता है। 30 मई को को मौसम के लिए भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी आ सकती है, लेकिन रात में वृद्धि की वजह से आपको अधिक गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
सप्ताहांत में मिल सकती राहत
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 मई से दो जून तक एनसीआर को कुछ राहत मिल सकती है। शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। बहुत हल्की वर्षा की संभावना है। 25-35 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है। तापमान 44 से 30 डिग्री के बीच बना रहेगा। नए महीने की शुरुआत भी राहत के साथ होगी।
एक जून को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की वर्षा की संभावना भी है। कुछ जगहों पर गजर के साथ छीटें पड़ सकती हैं। 25-35 की गति से हवा चलने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान गिरकर 43 डिग्री सल्सियस तक आ सकता है। दो जून को भी आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की गई है।
सोमवार को दिल्ली के किस इलाके में कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
इलाका अधिकतम न्यूनतम
पालम 46.0 31.0
लोधी रोड 45.2 28.0
रिज 46.3 27.3
आयानगर 46.7 30.5
जाफरपुर 47.2 29.3
मुंगेशपुर 48.8 27.6
नजफगढ़ 48.6 31.4
नरेला 48.4 28.5
पीतमपुरा 47.6 32.6
पूसा 47.2 29.0
मयूर विहार 44.6 29.6
राजघाट 44.4 31.3
Tags:    

Similar News

-->