Delhi दिल्ली : शकरपुर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक 20 वर्षीय युवक को एक महिला ने बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया और उसके साथ मारपीट की।
वह पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर एक महिला के संपर्क में था। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि अपहरण के कुछ घंटों बाद ही वे पीड़ित को छुड़ाने में सफल रहे। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं में से एक को भी गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि अपराध के पीछे जबरन वसूली का मकसद था। पीड़ित निखिल पिछले दो महीनों से सोशल मीडिया पर खुशी नाम की लड़की के संपर्क में था।
3 जुलाई को वह उससे मिलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसी दिन बाद में उसकी बहन को उसके नंबर से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को लड़की का भाई बताते हुए कहा कि निखिल को खुशी के साथ पकड़ लिया गया है और उसे छोड़ा नहीं जाएगा। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक धानिया ने बताया कि इसके बाद फोन बंद हो गया।
इसके बाद उसकी बहन ने शकरपुर थाने में संपर्क किया और निखिल का पता लगाने के लिए तुरंत एक टीम गठित की गई। शुरुआत में उसकी आखिरी लोकेशन नोएडा के सेक्टर-6 में देखी गई, लेकिन वहां से कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जब निखिल का फोन कुछ देर के लिए ऑन किया गया तो उसकी लोकेशन मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के पास यमुना खादर में मिली।