Delhi दिल्ली: दिल्ली के द्वारका सेक्टर-23 फ्लाईओवर के पास बुधवार दोपहर मजदूरों को ले जा रहा एक टेंपो पलटने से दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब निजामुद्दीन से 22 मजदूरों को लेकर मानेसर जा रहे वाहन का पिछला टायर फट गया। मृतकों में 26 वर्षीय महिला रंजीत और उसकी बेटी शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने बताया कि द्वारका सेक्टर-9 और द्वारका सेक्टर 20/21 के बीच सड़क पर एक भीषण दुर्घटना की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दोपहर 3.54 बजे मिली। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-23 फ्लाईओवर के पास दुर्घटना की एक और सूचना दोपहर 3.58 बजे मिली।सभी घायलों को द्वारका के सेक्टर-9 स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, रंजीत और दो बच्चों को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारी ने बताया, "दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। शेष यात्रियों की चिकित्सकीय जांच की गई है और वे खतरे से बाहर हैं।