नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज 3 इलाके में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक व्यक्ति की लाठियों से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, वारदात सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। घटना न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मयूर विहार फेज 3 इलाके में हुई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फिलहाल मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की पहचान करने के प्रयास में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सुराग जुटाए जा रहे हैं।
मौके पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है, जिससे वारदात की पूरी जानकारी सामने आ सके।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह रही और वारदात में कौन लोग शामिल हैं। मृतक की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।