AAP पर अलका लांबा का हमला, बोलीं- 7 राज्यसभा सांसद भाजपा में गए, केजरीवाल दें जवाब

Update: 2026-07-22 15:57 GMT
Delhi दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) के बयान को लेकर कांग्रेस नेता अलका लांबा ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी भाजपा की मदद कर रही है और विपक्षी एकता को कमजोर करने का काम कर रही है। अलका लांबा ने कहा कि आप को पहले अपने नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर जवाब देना चाहिए। अलका लांबा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसदों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पहले से कहती रही है कि आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रही है। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से सवाल किया कि बाकी सांसदों को लेकर उनकी क्या स्थिति है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करने के बजाय राहुल गांधी पर निशाना साधती है तो इससे साफ संकेत मिलता है कि इसके पीछे राजनीतिक दबाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से विपक्षी मुद्दों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। अलका लांबा ने जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दों को उठा रहे हैं और कल उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन का मुद्दा छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई और NEET विवाद से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और विपक्ष उनकी आवाज उठा रहा है। अलका लांबा ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं को सुनना चाहिए और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाने चाहिए। NEET विवाद और छात्र आंदोलन को लेकर दिल्ली की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। जहां विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रहा है, वहीं सत्तारूढ़ दल विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक आरोप बता रहा है।
Tags:    

Similar News