दिल्ली। महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता नहीं है। मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर भी महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था। केंद्र सरकार पहले ही इस संबंध में विधेयक लेकर आई थी और अब उसे लागू करना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक पहले से मौजूद है, तो उसे मौजूदा लोकसभा सीटों पर लागू क्यों नहीं किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘इसका महिला आरक्षण से कोई लेना-देना नहीं है। आप अभी 543 सीटों पर महिला आरक्षण लागू कर सकते हैं। हमने संसद में इसका समर्थन किया था। वह विधेयक पहले से मौजूद है, उसे लागू कीजिए। आप ही वह विधेयक लेकर आए थे। राहुल गांधी ने अपने बयान में 850 सीटों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा मुद्दा महिला आरक्षण का नहीं, बल्कि लोकसभा सीटों की संख्या 850 करने से जुड़ा है।
कांग्रेस नेता ने अपने बयान के माध्यम से महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने के विषय को अलग-अलग रखने की बात कही। उनका कहना है कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए मौजूदा व्यवस्था के तहत भी आरक्षण लागू किया जा सकता है। राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण के समर्थन में है। उन्होंने केंद्र सरकार से पहले पारित महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने की मांग की। उनके बयान से महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस को एक बार फिर बल मिला है।
Tags: