नई दिल्ली। शिक्षक दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम (MCD) के शिक्षकों के सम्मान में शनिवार को सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

समारोह में हर्ष मल्होत्रा ने MCD शिक्षकों को सम्मानित किया और अपने छात्र जीवन की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के कंधों पर बच्चों के भविष्य को संवारने और देश के भविष्य के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी होती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल छात्रों को शिक्षा नहीं देते, बल्कि समाज को दिशा देने का काम भी करते हैं। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस सिर्फ एक व्यक्ति के सम्मान का दिन नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था और गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मान देने का अवसर है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्तमान दौर नई तकनीक और कौशल सीखने का है। शिक्षकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि विद्यार्थी आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान में किसी से पीछे न रहें। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि नगर निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा लगातार जारी रहे और वे आगे बढ़ते रहें।

दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि अपने सार्वजनिक जीवन के 18-19 वर्षों में जब भी उन्हें नगर निगम स्कूलों में छात्रों और शिक्षकों से मिलने का अवसर मिला, उन्हें गर्व महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि MCD स्कूलों के शिक्षक किसी भी मामले में निजी स्कूलों के शिक्षकों से कम नहीं हैं।

मेयर ने कहा कि आज नगर निगम स्कूलों की स्थिति पहले से काफी बेहतर हुई है। स्मार्ट क्लासरूम और बेहतर सुविधाओं के साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली में 5 से 10 वर्ष की आयु के करीब 20 से 21 लाख बच्चे हैं, जिनमें लगभग 30 प्रतिशत बच्चे नगर निगम स्कूलों में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।

प्रवेश वाही ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए 'सहभागिता पहल' शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत नई तकनीक के माध्यम से अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि MCD के 12 जोनों में 24 'निगम श्री विद्यालय' विकसित किए जा रहे हैं, जो आसपास के स्कूलों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में छात्रों के खेल प्रतिभा को पहचानने के लिए अंडर-9 और अंडर-11 वर्ग में क्रिकेट और फुटबॉल की 'मिनी लीग' शुरू करने की भी घोषणा की गई।

MCD शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ शिक्षकों के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर निगम स्कूलों को नई दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि 24 'निगम श्री' विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर बदलाव लाने में मदद करेंगे।

समारोह में कुल 87 शिक्षकों को सम्मानित किया गया, जिनमें 4 प्रधानाचार्य और 83 शिक्षक शामिल थे। इस अवसर पर शिक्षा विभाग की वार्षिक पुस्तिका 'उन्नयन' का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

Tags: