Career: BPSC 70वीं परीक्षा में एक अनोखी सफलता की कहानी सामने आई है, जहां एक दंपति ने शादी के तुरंत बाद परीक्षा देकर न केवल परीक्षा पास की, बल्कि सरकारी सेवा में भी चयन हासिल किया। झारखंड के विकास कुमार सिंह और उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने साथ में तैयारी करते हुए यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कोमल का चयन DSP पद पर हुआ है, जबकि विकास कुमार को BPRO पद पर सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी 11 दिसंबर 2024 को हुई थी और विवाह के सिर्फ दो दिन बाद ही दोनों ने BPSC प्रीलिम्स की परीक्षा दी थी। खास बात यह रही कि जहां एक ओर दुल्हन विदा होकर नए घर जा रही थी, वहीं दूसरी ओर यह जोड़ा सीधे परीक्षा केंद्र पहुंच गया। दोनों ने शादी के साथ-साथ अपने सपनों को भी एक साथ आगे बढ़ाने का फैसला किया था।
कोमल कुमारी सिंह बिहार के बेगूसराय की रहने वाली हैं। उनकी पढ़ाई का एक हिस्सा झारखंड में नाना-नानी के पास रहते हुए हुआ, जबकि स्कूली शिक्षा बोकारो स्टील सिटी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया और जमशेदपुर से डिग्री प्राप्त की। उन्होंने कुछ समय बेंगलुरु में असिस्टेंट इंजीनियर के रूप में नौकरी भी की। बाद में 2020 में उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से BCom किया और बिहार सरकार के राजस्व विभाग में नौकरी भी हासिल की, लेकिन BPSC की तैयारी के लिए उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी। 2023 में पहले प्रयास में वह मामूली अंतर से असफल रहीं, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर ली। वहीं, विकास कुमार झारखंड के रहने वाले हैं और साइंस बैकग्राउंड से हैं। उन्होंने जयपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इसके बाद वे प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के साथ-साथ BPSC की तैयारी करते रहे। कई बार असफल होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी।
विकास कुमार ने बताया कि उनकी सफलता में उनकी पत्नी का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने कहा कि शादी के बाद उन्हें मानसिक रूप से स्थिरता मिली और दोनों ने मिलकर तैयारी की, जिसका परिणाम अब सामने है। उन्होंने पत्नी को अपना लकी चार्म भी बताया। इस सफलता के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने इस दंपति की मेहनत और लगन की सराहना की है। यह कहानी उन सभी प्रतियोगी छात्रों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो लगातार मेहनत के बावजूद सफलता की तलाश में हैं।