जनता से रिश्ता वेबडेस्क :-  झारखंड के किसानों का उत्पाद अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) समेत दुनिया के 30 से अधिक देशों में निर्यात किया जाएगा. इसके लिए राज्य की एक कंपनी ने दुबई की कंपनी से करार किया है. इस निर्णय से राज्य के किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी और उन्हें व्यवसायिक फसलों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा.

इस संबंध में जानकारी देते हुए झारखंड स्थित कृषि-प्रौद्योगिकी कंपनी किसान प्रो ने बुधवार को कहा कि उसने दुबई स्थित बराकत वेजिटेबल्स एंड फ्रूट कंपनी के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. इस समझौते का उद्देश्य स्थानीय किसानों को पश्चिम एशिया के देशों में अपनी उपज की मार्केटिंग करने में मदद करना है.
दुबई की कंपनी के साथ हुआ है करार
संस्था के सह-संस्थापक और सीईओ रवींद्र दासौंधी ने कहा कि किसान प्रो झारखंड में 20,000 से अधिक किसानों को फसल के संबंध में परामर्श सेवा प्रदान करती है. इसके अलावा रांची, हजारीबाग और बोकारो जैसे जिलों में लगभग 5,000 किसानों को लागत सामग्रियां और मार्केटिंग सेवाएं भी प्रदान करती है.
उन्होंने कहा कि कंपनी ने कई संस्थागत खरीदारों और आयातकों के साथ करार किया है ताकि किसानों को उनकी कृषि उपज की मार्केटिंग करने में मदद मिल सके. कंपनी इस तरह के और अधिक गठजोड़ करने की योजना बना रही है. किसान प्रो ने अपने कृषि उत्पादों के लिए पश्चिम एशिया तक बाजार पहुंच की सुविधा के लिए बराकत वेजिटेबल्स एंड फ्रूट कंपनी, दुबई, यूएई के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं.
किसानों के साथ ही खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों को होगा फायदा
कंपनी ने एक बयान में कहा कि बराकत वेजिटेबल्स 30 से अधिक देशों से ताजा उपज का आयात करती है, लेकिन इस आयात में भारत से आयात का हिस्सा केवल चार प्रतिशत है. यह स्टार्ट-अप कंपनी, किसानों को मांग-आधारित फसल योजना बनाने और अधिक कमाई के लिए व्यावसायिक फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित करती है.
कंपनी के मुताबिक, इस समझौते के तहत किसान अपने उत्पाद देशभर में स्थित गोदामों से यूएई सहित कई देशों में सप्लाई कर सकेंगे. इसका सीधा लाभ किसानों को होगा, क्योंकि बीच की मुनाफाखोरी खत्म हो जाएगी. कंपनी का मानना है कि यूएई में भारतीयों की काफी संख्या है. ऐसे में इस फैसले से न सिर्फ देश के किसानों को फायदा होगा बल्कि वहां रह रहे भारतीयों को भी गुणवत्ता पूर्ण उत्पाद मिलेगा.


Tags: