- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- जरा हटके
- /
- कोडिंग के साथ मेहंदी...

x
नौकरी के साथ मेहंदी का साइड बिजनेस 10 घंटे में कमाए
नई दिल्ली: अमेरिका में रहने वाली भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रियंका जैन (Priyancka Jaiin) इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। वजह उनकी टेक जॉब नहीं बल्कि उनका साइड बिजनेस है। फुल-टाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करने वाली प्रियंका खाली समय में मेहंदी आर्टिस्ट के तौर पर भी काम करती हैं और इसके जरिए अच्छी अतिरिक्त कमाई करती हैं। प्रियंका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि अमेरिका में वह मेहंदी लगाने के लिए करीब 100 डॉलर प्रति घंटे चार्ज करती हैं। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 9 से 10 हजार रुपये प्रति घंटे बैठती है। कुछ ग्राहकों से उन्हें इसके ऊपर 20 प्रतिशत तक टिप भी मिल जाती है।
10 घंटे की ब्राइडल मेहंदी से करीब 1 लाख
शादी और ब्राइडल मेहंदी की बुकिंग में कमाई और बढ़ जाती है। प्रियंका के मुताबिक, किसी ब्राइडल या वेडिंग असाइनमेंट में करीब 10 घंटे काम करने पर उनकी कमाई लगभग एक लाख रुपये तक पहुंच सकती है। हालांकि डिजाइन की जटिलता और हाथ-पैरों पर मेहंदी के कवरेज के अनुसार रकम अलग-अलग हो सकती है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग ही है मुख्य नौकरी
प्रियंका ने साफ किया कि मेहंदी उनका मुख्य पेशा नहीं है। वह फुल-टाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनकी मुख्य आय नौकरी से मिलने वाली सैलरी है। मेहंदी को वह अपना हॉबी बिजनेस और पैशन बताती हैं। इससे होने वाली कमाई उनके लिए अतिरिक्त आय है।
अमेरिका में कमाई ज्यादा तो खर्च भी ज्यादा
100 डॉलर प्रति घंटे की कमाई भारतीय रुपये में काफी बड़ी दिखाई देती है, लेकिन प्रियंका ने इसका दूसरा पहलू भी बताया। उनके मुताबिक अमेरिका में कमाई अधिक होने के साथ जीवनयापन का खर्च भी काफी ज्यादा होता है। इसलिए डॉलर की कमाई को सीधे भारतीय खर्चों से तुलना करना सही तस्वीर नहीं देता।
पैसे से ज्यादा कलाकार के सम्मान की खुशी
प्रियंका के लिए इस साइड बिजनेस की सबसे खास बात केवल कमाई नहीं है। उनका कहना है कि अमेरिका में उन्हें एक मेहंदी लगाने वाली के बजाय एक कलाकार के रूप में सम्मान मिलता है। उनके मुताबिक कोई काम छोटा या बड़ा नहीं होता और अमेरिका में उन्हें अपने इस हुनर के लिए पेशेवर पहचान मिली है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO
प्रियंका का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसे करीब एक करोड़ व्यूज मिले। वीडियो सामने आने के बाद यूजर्स उनकी कमाई और हुनर को लेकर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई मेहंदी कलाकारों ने भारत और अमेरिका में मिलने वाली फीस की तुलना भी की। प्रियंका की कहानी इस बात का उदाहरण बन गई है कि फुल-टाइम नौकरी के साथ किसी हुनर या शौक को साइड बिजनेस में बदला जा सकता है। खासकर विदेशों में भारतीय शादी और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी सेवाओं की मांग कलाकारों के लिए कमाई के नए अवसर पैदा कर सकती है।
Next Story





