जरा हटके

80 की उम्र में दादी ने चलाया ऐसा ट्रैक्टर, VIDEO देख हैरान हुए लोग

Triveni
26 Jun 2025 5:54 PM IST
80 की उम्र में दादी ने चलाया ऐसा ट्रैक्टर, VIDEO देख हैरान हुए लोग
x
80-year-old Elderly Woman Drives Tractor In The Field: सोशल मीडिया एक बार फिर एक दिल छू लेने वाले वीडियो से भर गया है, जिसमें एक 80 साल की बुजुर्ग महिला अपनी उम्र को मात देते हुए ट्रैक्टर चलाती नजर आ रही हैं. यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो चुका है और लाखों लोगों का दिल जीत रहा है. सादी सी साड़ी में लिपटी यह दादी मां खेत में खड़े ट्रैक्टर के पास पहुंचती हैं और बड़े ही आत्मविश्वास के साथ न सिर्फ उसे स्टार्ट करती हैं, बल्कि उसे पूरे अनुभव और सलीके से चलाती भी हैं.
दादी मां ने दौड़ाया ट्रैक्टर
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि, दादी मां किसी प्रोफेशनल ड्राइवर से कम नहीं लगतीं. ट्रैक्टर स्टार्ट करते हुए उनके चेहरे पर आत्मविश्वास झलकता है. उन्होंने ट्रैक्टर चढ़ाई भी बड़ी आसानी से की, मानो यह उनका रोज़ का काम हो. स्टेयरिंग थामना, गियर बदलना और खेत में ट्रैक्टर को मोड़ना, ये सब वो इतनी सहजता से करती हैं कि देखकर हर कोई हैरान रह जाए. इस वीडियो की सबसे खास बात यह है कि दादी के चेहरे पर कोई घबराहट या डर नहीं दिखता. उनकी मुस्कान और आत्मबल, ट्रैक्टर की गूंज के साथ जैसे और भी प्रखर हो जाता है. यह वीडियो इस बात का जीता-जागता उदाहरण है कि उम्र महज एक संख्या है, हौसला हो तो कोई भी काम मुश्किल नहीं होता.
यहां देखें वीडियो
उम्र को दी मात, स्टाइल और हौसले से जीता दिल
वीडियो को सोशल मीडिया पर @askshivanisahu नाम के एक्स (Twitter) अकाउंट से शेयर किया गया है. पोस्ट के साथ ही यह वीडियो इंटरनेट पर छा गया और हजारों लोगों ने इसे लाइक और शेयर किया. कमेंट सेक्शन में लोग दादी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, बस इतना ही हौसला चाहिए मुझे, वहीं दूसरे ने लिखा, वाह दादी वाह, गजब का आत्मविश्वास है आपमें. एक और मजेदार कमेंट आया, दादी से पंगा नहीं लेना चाहिए.
गांव की मिट्टी से निकली प्रेरणा की कहानी
इस वीडियो की लोकेशन स्पष्ट नहीं है, लेकिन खेत और भाषा शैली को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह उत्तर भारत के किसी राज्य का है. जहां आज की युवा पीढ़ी तकनीक और सुविधाओं में उलझी हुई है, वहीं यह दादी मां अपने जज्बे से समाज को एक नई प्रेरणा दे रही हैं.
Next Story