- Home
- /
- अन्य खबरें
- /
- जरा हटके
- /
- हिमाचल में हवा में...

x
आसमान में उड़ते हुए काटा जन्मदिन का केक, बीड़ बिलिंग का वीडियो वायरल
शिमला/कांगड़ा: जन्मदिन मनाने के लिए लोग अक्सर केक काटते हैं, दोस्तों के साथ पार्टी करते हैं और परिवार के बीच खुशियां साझा करते हैं। लेकिन हिमाचल प्रदेश के बीड़ बिलिंग में एक महिला ने अपना जन्मदिन जमीन से हजारों फीट ऊपर हवा में मनाया। महिला ने पैराग्लाइडिंग के दौरान उड़ते हुए ही केक काटा और खुद के लिए बर्थडे सॉन्ग भी गाया। इस अनोखे सेलिब्रेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जहां कुछ लोग इस अंदाज को रोमांचक बता रहे हैं, वहीं कई यूजर्स ने पैराग्लाइडिंग की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं।
हवा में केक काटते हुए दिखी महिला
वायरल वीडियो हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़ बिलिंग का बताया जा रहा है। इसमें महिला एक प्रशिक्षित पायलट के साथ टेंडम पैराग्लाइडिंग करती दिखाई दे रही है। वीडियो की शुरुआत में पैराग्लाइडिंग पायलट कैमरे की ओर देखते हुए कहता है, 'देखिए मैडम जी अब अपना केक काटने वाली हैं।' इसके बाद महिला अपने हाथों में केक का डिब्बा संभालती है और हवा में ही केक काटना शुरू कर देती है।
इस दौरान वह अपने लिए जन्मदिन का गाना भी गाती नजर आती है। पायलट वीडियो रिकॉर्ड करते हुए उसे केक नीचे नहीं गिराने की हिदायत देता सुनाई देता है। नीचे पहाड़ों और खूबसूरत घाटियों का नजारा दिखाई देता है। वीडियो में महिला काफी उत्साहित नजर आती है। आमतौर पर पैराग्लाइडिंग के दौरान पर्यटक पहाड़ों और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेते हैं, लेकिन इस महिला ने अपनी उड़ान को जन्मदिन के यादगार अनुभव में बदल दिया।
सोशल मीडिया पर क्यों उठे सुरक्षा को लेकर सवाल?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ यूजर्स ने महिला को जन्मदिन की बधाई दी और इस अनोखे सेलिब्रेशन की तारीफ की। वहीं, कई लोगों ने इसे अनावश्यक जोखिम से जोड़कर देखा। एक्स पर राहुल महाजन नाम के यूजर ने वीडियो साझा करते हुए सवाल उठाया कि आखिर उड़ान के दौरान केक और उसका डिब्बा कैसे ले जाया गया? क्या पैराग्लाइडिंग ऑपरेटर ने इस गतिविधि की अनुमति दी थी? उन्होंने एडवेंचर टूरिज्म को मनोरंजन का ऐसा माध्यम बनाने पर भी चिंता जताई, जिसमें सुरक्षा पीछे छूट जाए। कुछ लोगों का कहना है कि हवा में केक संभालना और उसे काटने के लिए हाथों का इस्तेमाल करना यात्री का ध्यान भटका सकता है। इससे उड़ान के दौरान सही स्थिति बनाए रखने में परेशानी हो सकती है। वायरल वीडियो से यह साबित नहीं होता कि पैराग्लाइडिंग के किसी सुरक्षा नियम का उल्लंघन हुआ या इस गतिविधि से वास्तव में कोई दुर्घटना का खतरा पैदा हुआ था। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों या पैराग्लाइडिंग ऑपरेटर की आधिकारिक प्रतिक्रिया भी सामने नहीं आई है।
देश के प्रमुख पैराग्लाइडिंग स्थलों में शामिल है बीड़ बिलिंग
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित बीड़ बिलिंग देश के प्रमुख पैराग्लाइडिंग पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। यहां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक और एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीन पहुंचते हैं। बीड़ बिलिंग में दो प्रमुख स्थान हैं। बिलिंग को पैराग्लाइडिंग के टेकऑफ पॉइंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, जबकि बीड़ में लैंडिंग होती है। बिलिंग समुद्र तल से लगभग 8,000 फीट और बीड़ लगभग 4,300 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। जिसमें पर्यटक प्रशिक्षित पायलट के साथ उड़ान भरते हैं। आमतौर पर एक उड़ान 15 से 20 मिनट तक चल सकती है, हालांकि मौसम और हवा की परिस्थितियों के अनुसार समय बदलता रहता है। बीड़ बिलिंग का यह वीडियो एक तरफ अनोखे जन्मदिन सेलिब्रेशन के कारण चर्चा में है, तो दूसरी ओर एडवेंचर गतिविधियों में सुरक्षा नियमों के महत्व को भी सामने ला रहा है। रोमांचक अनुभव के साथ सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।
Next Story





