विश्व
कीव पर मिसाइल दागने वाले रूसी पायलट्स को जेलेंस्की की चेतावनी, कही ये बात
Rounak Dey
27 Jun 2022 8:06 AM GMT

x
ब्रिटेन, अमेरिका, जापान और कनाडा रूस के सोने को बैन करेंगे।
कीव: जर्मनी में G-7 देशों की बैठक के साथ ही रूस एक बार फिर यूक्रेन को लेकर आक्रामक हो गया है। रविवार को रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव में दो आवासीय इमारतों को निशाना बनाया। रूस के आक्रामक रुख पर अब यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने रूसी पायलट्स को चेतावनी दी है। उन्होंने बिल्डिंग को निशाना बनाने वाले पायलट्स को चेतावनी देते हुए कहा, 'सभी पायलट्स, डिसपैचर्स ये जान लें कि हम आपको ढूंढ़ लेंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'आपने युद्ध अपराध किया है, हम आप पर मुकदमा चलाएंगे। कानून का फैसला आपका इंतजार कर रहा है।'
जेलेंस्की का ये बयान कीव में एक किंडरगार्टन के पास बिल्डिंग पर रूसी मिसाइल के हमले के बाद आया है। कई हफ्तों बाद रूस ने इस तरह की आक्रामकता दिखाई है। चार विस्फोटों के कारण पूरा कीव शहर दहल उठा। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अपने वीडियो संबोधन में बेलारूस के लोगों को भी चेताया। उन्होंने कहा, 'मैं बेलारूस के लोगों और सैनिकों दोनों को संबोधित करना चाहूंगा। आपको जबरन इस युद्ध में खींचा जा रहा है। रूस के लिए आपका जीवन कोई मायने नहीं रखता। आप रूस के गुलाम नहीं है। आपको बेवजह इस युद्ध में मरना नहीं चाहिए। आप अपने भविष्य का फैसला दूसरों को करने नहीं दे सकते।'
G-7 समिट के दौरान रूस का मिसाइल हमला
रविवार को रूस के मिसाइल हमले में एक यूक्रेनी नागरिक की मौत हो गई। वहीं छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रूस ने ये हमला ऐसे समय में किया है जब जर्मनी में G-7 देशों की बैठक चल रही है। ये हमला भले ही कीव पर हुआ है, लेकिन ये G-7 देशों को पुतिन का एक इशारा माना जा रहा है। रूस के हमले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि ये बर्बरता है। उन्होंने समिट के दौरान मित्र राष्ट्रों से कहा कि रूस के खिलाफ हमें एक जुट रहने की जरूरत है।
रूस पर प्रतिबंध हुए सख्त
रविवार को हुआ G-7 शिखर सम्मेलन रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया भर में खाने और क्रूड ऑयल की बढ़ती कीमतों पर केंद्रित था। इस दौरान G-7 देशों ने रूस पर प्रतिबंधों को और सख्त करने पर सहमति जताई। रूस पर सोने के आयात पर प्रतिबंध लगाने के लिए सात में से चार देश तैयार हैं। ब्रिटेन, अमेरिका, जापान और कनाडा रूस के सोने को बैन करेंगे।

Rounak Dey
Next Story