विश्व

ब्रिटेन में सम्मान पाकर जेलेंस्की बेहद खुश नजर आए

Nilmani Pal
2 March 2025 7:29 AM IST
ब्रिटेन में सम्मान पाकर जेलेंस्की बेहद खुश नजर आए
x

ब्रिटेन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने शनिवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की का 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर गर्मजोशी से स्वागत किया. यूक्रेनी नेता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ व्हाइट हाउस में तीखी नोकझोंक के बाद लंदन पहुंचे. वह य​हां रविवार को 12 यूरोपीय देशों के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे. इस शिखर सम्मेलन से पहले जब जेलेंस्की शनिवार को डाउनिंग स्ट्रीट ऑफिस में पीएम स्टार्मर के साथ बातचीत के लिए पहुंचे तो भीड़ ने उन्हें चीयर किया. स्टार्मर ने जेलेंस्की को अपने कार्यालय के बाहर गर्मजोशी के साथ रिसीव किया और उन्हें गले लगाया.

कीर स्टार्मर ने वलोदिमिर जेलेंस्की से कहा, 'मुझे आशा है कि आपने सड़क पर लोगों को आपके लिए चीयर करते हुए सुना होगा. ये यूनाइटेड किंगडम के लोग हैं, जो यह प्रदर्शित करने के लिए डाउनिंग स्ट्रीट आए हैं कि वे आपका कितना समर्थन करते हैं... और यूनाइटेड किंगडम आपके और यूक्रेन के साथ खड़े होने के लिए दृढ़ संकल्पित है.' स्टार्मर ने जेलेंस्की को बताया कि यूक्रेन को यूनाइटेड किंगडम का पूरा समर्थन प्राप्त है. ब्रिटिश पीएम ने जेलेंस्की से कहा, 'हम आपके और यूक्रेन के साथ हमेशा खड़े हैं.'

डोनाल्ड ट्रंप के साथ जेलेंस्की की मुलाकात के बाद अन्य यूरोपीय नेताओं ने भी यूक्रेन के समर्थन में सोशल मीडिया पर संदेश जारी किए. इस घटनाक्रम ने यूक्रेन और रूस के बीच तीन वर्षों से चल रहे युद्ध को लेकर अमेरिका और यूरोप के बीच मतभेदों को उजागर किया है. स्टार्मर ने शुक्रवार को ट्रंप और जेलेंस्की दोनों से बात की और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी इस सप्ताह वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात की थी. जेलेंस्की रविवार को किंग चार्ल्स से भी मिलने वाले हैं. ब्रिटेन यूक्रेन का मुखर समर्थक रहा है और किंग चार्ल्स ने पहले भी रूस के अकारण हमले के सामने यूक्रेनी लोगों के दृढ़ संकल्प और हौसले की प्रशंसा करते हुए राष्ट्रपति जेलेंस्की के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया है.

Next Story