
काहिरा: पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते रणनीतिक समीकरणों के बीच चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मिस्र यात्रा ने दुनिया का ध्यान खींचा है। करीब एक दशक बाद मिस्र पहुंचे चिनफिंग ने राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ व्यापक बातचीत की। दोनों नेताओं ने आर्थिक सहयोग से लेकर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल अर्थव्यवस्था, व्यापार, सप्लाई चेन और बुनियादी ढांचे तक कई क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर सहमति जताई। यात्रा के दौरान 20 से अधिक सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए। चिनफिंग की यह यात्रा ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका की भूमिका और क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल उठ रहे हैं। चीन पिछले कुछ वर्षों से क्षेत्र के देशों के साथ आर्थिक और कूटनीतिक रिश्ते तेजी से मजबूत कर रहा है। मिस्र को इस रणनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है क्योंकि स्वेज नहर वैश्विक व्यापार का प्रमुख मार्ग है और मिस्र अरब तथा अफ्रीकी दुनिया में भी महत्वपूर्ण राजनीतिक भूमिका निभाता है।





