विश्व

दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला ने अपना 119 वां जन्मदिन मनाया, प्रथम विश्व युद्ध शुरू होने से पहले हुई थीं पैदा

Neha Dani
3 Jan 2022 4:35 AM GMT
दुनिया की सबसे बुजुर्ग महिला ने अपना 119 वां जन्मदिन मनाया, प्रथम विश्व युद्ध शुरू होने से पहले हुई थीं पैदा
x
अपना 119वां जन्मदिन मनाने का दावा किया था।

दुनिया की सबसे बुजुर्ग जीवित इंसान मानी जाने वाली एक महिला ने अपना 119वां जन्मदिन मनाया है। जापान के फुकुओका प्रांत में केन तनाका को सभी जिंदगी के 118 साल पूरे करने की बधाई दे रहे हैं। उनके परिवार के सदस्यों का कहना है कि वह प्रथम विश्व युद्ध शुरू होने से 11 साल पहले 2 जनवरी 1903 को पैदा हुई थीं। तनाका के 120 साल की उम्र तक जीवित रहने की उम्मीद है। वर्तमान में वह फुकुओका के एक नर्सिंग होम में रहती हैं। उम्र ज्यादा होने के चलते वह अब बोलने में असमर्थ हैं इसलिए सिर्फ इशारों के माध्यम से ही नर्सिंग होम के कर्मचारियों से बातचीत करती हैं।

द जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार तनाका को चॉकलेट और फिजी ड्रिंक्स पसंद है। वक्त बिताने के लिए वह नबंर गेम खेलना पसंद करती हैं। रूसो-जापानी युद्ध तनाका के जन्म के एक साल बाद ही शुरू हुआ था। तनाका का बचपन जापान के मीजी युग के अंतिम सालों में गुजरा, जिसे आधुनिकीकरण का परिवर्तनकारी काल माना जाता है। 2019 में जब वह 116 साल की थीं, तब उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति के रूप में मान्यता दी थी।
1922 में हुई थी शादी
2020 में वह 117 साल और 261 दिन की उम्र में जापान की सबसे उम्रदराज व्यक्ति बन गईं। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की वेबसाइट के अनुसार तनाका ने 1922 में 19 साल की उम्र में अपने चचेरे भाई से शादी की थी। दंपति एक नूडल्स की दुकान चलाते थे, जहां वे राइस केक और उडोन जैसी डिश बनाते थे। उनके पति और सबसे बड़े बेटे ने 1937 में शुरू हुए दूसरे चीन-जापानी युद्ध में हिस्सा लिया था। 90 साल की उम्र में तनाका का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ था। उन्होंने 103 वर्ष की उम्र में कोलोरेक्टल कैंसर की सर्जरी भी करवाई थी।
आठ परपोतों की दादी तनाका
द टाइम्स ने पिछले साल रिपोर्ट किया था कि 2020 तक तनाका के पांच पोते और आठ परपोते थे। उनके 62 साल के पोते ईजी ने जापान टाइम्स से कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह आगे भी स्वस्थ रहेंगी और जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ेगी वह हर रोज मौज-मस्ती करती रहेंगी। इससे पहले कुछ लोगों ने तनाका से ज्यादा उम्र होने का दावा किया था। पिछले महीने चीन के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति, जिन्हें अब तक का सबसे उम्रदराज व्यक्ति भी कहा जाता है, का 135 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। पिछली गर्मियों में तुर्की में एक महिला ने भी अपना 119वां जन्मदिन मनाने का दावा किया था।


Next Story