विश्व

लम्बे इंतज़ार के बाद पति से मिली महिला दिल का दौरा पड़ने से उसी दिन हो गई मौत

Teja
26 Nov 2022 6:05 PM GMT
लम्बे इंतज़ार के बाद पति से मिली महिला दिल का दौरा पड़ने से उसी दिन हो गई मौत
x

बीजिंग। तीन साल के लंबे इंतजार के बाद रूस की एक महिला चीन में अपने पति से मिलने पहुंची लेकिन कुछ ही घंटों में खुशी का यह अवसर गम में बदल गया। महिला जैसे ही पति के पास पहुंची उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। दोनों कोरोना के चलते लगी पांबदियों की वजह से पिछले तीन सालों से नहीं मिल पाए थे। इसके पति ने पत्नी की मौत के बाद उसके अंगों का दान किया है। उनके इस कदम के बाद चीन के सोशल मीडिया पर जम कर तारीफ हो रही है। स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक 30 साल की नीका और 38 साल के ओयांग की पहली मुलाकात साल 2018 में हुई थी। ये दोनों म्यूज़िक इंडस्ट्री में काम करते थे। उन्होंने अप्रैल 2019 में शादी की और फिर उसी साल सितंबर में नीका की मां से मिलने के लिए रूस गए। ओयांग जल्द ही चीन लौट आए। कुछ महीनों के बाद नीका को भी वापस चीन लौटना था लेकिन कोरोना के चलते वह चीन नहीं लौट पाई।

आखिरकार इस साल अक्टूबर के आखिर में नीका चीन पहुंची। ओयांग ने कहा हम दोनों रो रहे थे और पांच मिनट तक गले मिले। मैं खुश था बेहद खुश। लेकिन घर जाते समय रास्ते में ही ये खुशी गम में बदल गई। ओयांग ने कहा कि जब वे एक एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चला रहे थे तभी उनकी पत्नी को अचानक सांस लेने में कठिनाई हुई। वह उसे पास के एक अस्पताल में ले गया जहां डॉक्टरों ने कहा कि नीका को दिल का दौरा पड़ा है। उसके ठीक होने की कोई उम्मीद नहीं थी। ओयांग ने हार नहीं मानी और वह उन्हें 150 किलोमीटर दूर एक बड़े अस्पताल में ले कर गए। लेकिन तब तक वह कोमा में जा चुकी थी। ओयांग ने कहा कि उन्होंने पहले अपनी पत्नी के साथ अंग दान पर चर्चा की थी उन्हें डर था कि वह उससे पहले मर जाएगी। उन्होंने कहा कि नीका अपनी मृत्यु के बाद अपने अंगों को दान करने के लिए तैयार हो गई थी। नाननिंग अस्पताल ने रूस में नीका की मां से भी सहमति मांगी।

Next Story