विश्व

रूसी विदेश मंत्री के बयान पर पुतिन ने क्यों जताया खेद, नाफ्ताली बेनेट से फोन वार्ता के दौरान मांगी माफी

Neha Dani
6 May 2022 5:00 AM GMT
रूसी विदेश मंत्री के बयान पर पुतिन ने क्यों जताया खेद, नाफ्ताली बेनेट से फोन वार्ता के दौरान मांगी माफी
x
साथ ही उन्होंने कहा कि यूक्रेन को ‘डी-नाज़िफाई’ करने के लिए रूस ने सैन्य अभियान शुरू किया है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के उस बयान पर खेद जताया है जिसमें जर्मनी के तानाशाह हिटलर को यहूदी मूल का बताया गया था। लावरोव के इस बयान पर इजरायल ने कड़ा विरोध जताया था और रूसी राजदूत को तलब कर माफी मांगने के लिए कहा था।

पुतिन ने लावरोव के बयान पर जताया खेद
इजरायल के प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट ने ट्वीट कर बताया कि गुरुवार को उन्होंने मारीपोल में स्टील फैक्ट्री से नागरिकों की सुरक्षित निकासी के संबंध में अनुरोध के लिए राष्ट्रपति पुतिन को फोन किया था। रूसी राष्ट्रपति ने फैक्ट्री में मौजूद नागरिकों की सुरक्षित निकासी के लिए रास्ता देने पर सहमति जताई। इसी दौरान विदेश मंत्री लावरोव के बयान को उन्होंने उचित नहीं माना। पुतिन ने लावरोव के बयान पर खेद जताया।
इजरायल को दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
रूसी राष्ट्रपति ने जर्मन होलोकास्ट के संबंध में विचार रखने के लिए मौका दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री बेनेट का शुक्रिया अदा किया। इस दौरान पुतिन ने इजरायल के स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट को बधाई दी। गौरतलब है कि इजरायल अपना 74वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। बेनेट ने राष्ट्रपति पुतिन को उनकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया है। उल्लेखनीय है कि रूस और इजरायल के अच्छे संबंध हैं। इन्हीं संबंधों के चलते इजरायली प्रधानमंत्री बेनेट मास्को जाकर यूक्रेन युद्ध रुकवाने की कोशिश कर चुके हैं।
पश्चिमी देशों ने लावरोव को लगाई फटकार
इससे पहले, इजराइल समेत कई पश्चिमी देशों ने रविवार को की गई टिप्पणियों के लिए लावरोव को फटकार लगाई थी। जिसमें दावा किया गया था कि 'हिटलर के पास यहूदी खून भी था' और कहा थी कि कुछ सबसे खराब यहूदी विरोधी स्वंय यहूदी ही हैं। लावरोव ने एक साक्षात्कार के दौरान रूस की स्थिति को समझाने का प्रयास करते हुए यह टिप्पणी की थी। साथ ही उन्होंने कहा कि यूक्रेन को 'डी-नाज़िफाई' करने के लिए रूस ने सैन्य अभियान शुरू किया है।

Next Story