विश्व

व्हाइट हाउस ने एपस्टीन मामले में सवालों पर दी सफाई

jantaserishta.com
11 Feb 2026 9:49 AM IST
व्हाइट हाउस ने एपस्टीन मामले में सवालों पर दी सफाई
x
वाशिंगटन: व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जेफ्री एपस्टीन से पुराने संबंधों को लेकर उठ रहे सवालों पर जवाब दिया है। साथ ही प्रशासन ने कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक के प्रति अपना पूरा समर्थन जताया है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ट्रंप ने बहुत पहले ही एपस्टीन से दूरी बना ली थी। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति हमेशा अपने बयान पर कायम रहे हैं। उन्होंने जेफ्री एपस्टीन को अपने मार-ए-लागो क्लब से बाहर निकाल दिया था, क्योंकि सच कहें तो एपस्टीन का व्यवहार ठीक नहीं था।"
लेविट ने यह भी कहा कि ट्रंप ने कई साल पहले ही एपस्टीन से अपने संबंध पूरी तरह खत्म कर लिए थे और इस बारे में वह लंबे समय से खुलकर और साफ तरीके से बात करते रहे हैं। हाल ही में कुछ नए दस्तावेज सामने आए हैं, जिनमें 2000 के शुरुआती वर्षों में ट्रंप और पाम बीच के पुलिस प्रमुख के बीच हुई एक कथित बातचीत का जिक्र है। इस पर लेविट ने कहा कि यह एक फोन कॉल थी, जो हो भी सकती है और नहीं भी। उन्हें इसकी पक्की जानकारी नहीं है। उन्होंने दोहराया कि ट्रंप ने एपस्टीन को अपने क्लब से निकाल दिया था और यह बात आज भी सही है।
लेविट ने एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों के सार्वजनिक होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एपस्टीन और उसके गंभीर अपराधों से जुड़े 30 लाख से ज्यादा दस्तावेज जारी किए गए हैं। इससे यह दिखता है कि राष्ट्रपति और उनका प्रशासन पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है और सच्चाई सामने लाना चाहता है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या ट्रंप घिसलेन मैक्सवेल को माफी देने पर विचार करेंगे, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछली बार जब इस बारे में बात हुई थी, तब भी ट्रंप ने कहा था कि वह इस पर विचार नहीं कर रहे हैं।
वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक से भी सवाल पूछे गए थे, क्योंकि उन्होंने कैपिटल हिल में गवाही के दौरान एपस्टीन से अपने पुराने संपर्क को स्वीकार किया था। इस पर लेविट ने कहा कि लटनिक राष्ट्रपति की टीम के बहुत महत्वपूर्ण सदस्य हैं और राष्ट्रपति उनका पूरा समर्थन करते हैं।
इसके बाद लेविट ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को डॉव इंडेक्स पहली बार 50 हजार के स्तर को पार कर गया। उन्होंने माइग्रेंट्स के लिए एडमिनिस्ट्रेशन की डिटेंशन पॉलिसी को सही ठहराने वाले एक फेडरल अपील कोर्ट के फैसले का भी ज़िक्र किया और कहा, “लगातार नौवें महीने, दक्षिणी बॉर्डर पर कोई भी गैर-कानूनी बॉर्डर क्रॉसिंग नहीं हुई।”
जेफ्री एपस्टीन एक वित्तीय कारोबारी था, जिस पर सेक्स ट्रैफिकिंग से जुड़े आरोप लगे थे। साल 2019 में संघीय हिरासत में उसकी मौत हो गई थी। बाद में घिसलेन मैक्सवेल को भी यौन तस्करी से जुड़े मामलों में दोषी ठहराया गया। एपस्टीन का मामला इसलिए भी चर्चा में रहा, क्योंकि उसके संपर्क में कई प्रमुख और प्रभावशाली लोग रहे थे।
प्रशासन का कहना है कि दस्तावेजों को जारी करना उनकी पारदर्शिता की नीति का हिस्सा है। वहीं आलोचक अब भी यह जानना चाहते हैं कि जिन लोगों के नाम इन दस्तावेजों में हैं, उनके साथ हुए पुराने संपर्क और फैसलों के बारे में पूरी स्पष्टता दी जाए।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story