
x
सबसे अमीर पीएम वेतन में हुआ बड़ा इजाफा
सिंगापुर: दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की सैलरी में बड़ा इजाफा किया गया है। उनकी सालाना आय में 64 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद वेतन करीब 26.9 करोड़ रुपये (लगभग 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर) हो जाएगा।
सिंगापुर सरकार ने राजनीतिक पदों पर बैठे नेताओं के वेतन ढांचे की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है। सरकार का कहना है कि बेहतर प्रतिभाओं को राजनीति और सार्वजनिक सेवा की ओर आकर्षित करने तथा भ्रष्टाचार की संभावना को कम रखने के लिए प्रतिस्पर्धी वेतन व्यवस्था जरूरी है।
2.2 मिलियन से बढ़कर 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर
नई व्यवस्था के तहत प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग का वार्षिक वेतन 2.2 मिलियन सिंगापुर डॉलर से बढ़कर 3.6 मिलियन सिंगापुर डॉलर हो जाएगा। यह बढ़ोतरी 15 अक्टूबर 2026 से लागू होने की घोषणा की गई है। इस बढ़ोतरी के बाद सिंगापुर के प्रधानमंत्री दुनिया के सबसे ज्यादा वेतन पाने वाले शासन प्रमुखों में शीर्ष पर बने रहेंगे।
सरकार ने बताया वेतन बढ़ाने का कारण
सिंगापुर सरकार का तर्क है कि देश को सक्षम और ईमानदार नेतृत्व बनाए रखने के लिए शीर्ष स्तर के लोगों को आकर्षित करना जरूरी है। प्रधानमंत्री वोंग ने भी कहा कि राजनीतिक वेतन एक संवेदनशील विषय है, लेकिन अच्छी सरकार के लिए मजबूत नेतृत्व आवश्यक है। सिंगापुर में मंत्रियों और राजनीतिक पदों पर बैठे लोगों के वेतन को निजी क्षेत्र के शीर्ष कमाई करने वालों के स्तर से जोड़कर तय किया जाता है।
अतिरिक्त राशि दान करेंगे वोंग
प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने घोषणा की है कि वे अपनी बढ़ी हुई आय को अगले पांच वर्षों तक दान करेंगे। उन्होंने कहा कि वेतन वृद्धि को लेकर जनता की भावनाओं को समझते हैं।
दुनिया के अन्य नेताओं से तुलना
सिंगापुर के प्रधानमंत्री का वेतन अमेरिका के राष्ट्रपति और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जैसे कई बड़े नेताओं से काफी अधिक है। इसी वजह से सिंगापुर की वेतन व्यवस्था अक्सर अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बनी रहती है। देश में कुछ लोग इतनी बड़ी वेतन वृद्धि पर सवाल भी उठा रहे हैं। उनका कहना है कि आम नागरिकों की आय और जीवन-यापन की लागत को देखते हुए इस फैसले पर बहस जरूरी है।
Next Story





