विश्व

यूक्रेन में वर्षों तक चल सकता है युद्ध, नाटो प्रमुख ने दी चेतावनी

Gulabi Jagat
19 Jun 2022 3:45 PM GMT
यूक्रेन में वर्षों तक चल सकता है युद्ध, नाटो प्रमुख ने दी चेतावनी
x
नाटो प्रमुख ने दी चेतावनी
कीव, रायटर। नाटो ने चेताया है कि यूक्रेन में वर्षो तक युद्ध चल सकता है। अगर देश के पूर्वी भाग पर यूक्रेन का कब्जा बरकरार रखना है तो सहयोगी देशों को उसकी मदद बनाए रखनी होगी। यह बात नाटो (उत्तर अटलांटिक संधि संगठन) के महासचिव जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने कही है। नाटो प्रमुख ने कहा, यूक्रेनी सेना को अत्याधुनिक हथियार देकर ही पूर्वी यूक्रेन का डोनबास (लुहांस्क और डोनेस्क) इलाका रूसी सेना से मुक्त कराया जा सकता है। डोनबास के एक हिस्से पर रूस समर्थित विद्रोहियों ने 2014 में कब्जा कर लिया था। इस युद्ध में दोनों प्रांतों के ज्यादातर हिस्से पर रूसी सेना कब्जा कर चुकी है।
यूक्रेन को मित्र देशों के सहयोग की जरूरत होगी
एक अखबार से साक्षात्कार में स्टोल्टेनबर्ग ने कहा, कीव पर कब्जे में विफल रहने के बाद रूसी सेना ने डोनबास पर ध्यान केंद्रित किया है। अब उस इलाके पर फिर से कब्जा करने में यूक्रेन को वर्षो लग सकते हैं और इस कार्य में उसे मित्र देशों के सहयोग की जरूरत होगी। लेकिन इसमें बड़ी धनराशि खर्च होगी। मदद के तौर पर अत्याधुनिक हथियार देने होंगे, दुनिया में ऊर्जा पैदा करने वाले उत्पादों के मूल्य बढ़ेंगे और खाद्यान्न महंगा होगा।
जानसन बोले-सहयोगियों को मदद बनाए रखनी होगी
शुक्रवार को यूक्रेन की यात्रा कर चुके ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भी यूक्रेन को लंबे समय तक मदद की आवश्यकता जताई है। उन्होंने यूक्रेनी सेना को प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव भी रखा। कहा, लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए यूक्रेन को युद्ध में थकना नहीं है। यूक्रेन को युद्ध लड़ने के साथ ही देश का पुनर्निर्माण करना होगा। सब कुछ यूक्रेन की क्षमता पर निर्भर करेगा। जानसन ने कहा कि यह सुनिश्चित करना है कि यूक्रेन को हथियार, उपकरण, गोला बारूद और आक्रमणकारी की तुलना में अधिक तेजी से प्रशिक्षण प्राप्त होता रहे। उन्होंने लिखा, सब कुछ इस बात पर निर्भर करेगा कि यूक्रेन अपनी धरती की रक्षा करने की क्षमता को रूस की तुलना में तेजी से मजबूत कर सकता है या नहीं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि उन्होंने कीव से लगभग 550 किमी (340 मील) दक्षिण में दक्षिणी मायकोलाइव क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सैनिकों का दौरा किया है।
जेलेंस्की ने कहा, हमें युद्ध में जीत को लेकर कोई संदेह नहीं
जेलेंस्की ने कहा है कि वह देश की सेना, पुलिस और नेशनल गार्ड से लगातार मिल रहे हैं। उनका मूड भांप रहे हैं। वे हौसले से भरे हुए हैं, इसलिए हमें युद्ध में जीत को लेकर कोई संदेह नहीं है। हम अपनी खोई जमीन फिर से प्राप्त करेंगे। हम दक्षिणी क्षेत्र किसी को नहीं देंगे, और जो कुछ हमारा है, वह हम वापस ले लेंगे।
सीविरोडोनेस्क के ज्यादातर इलाकों पर रूसी कब्जा
लुहांस्क प्रांत पर पूर्ण नियंत्रण के लिए रूसी सेना ने सीविरोडोनेस्क पर एक दिन बाद फिर से हमले तेज कर दिए। रूसी सेना ने रविवार को वहां पर भीषण गोलाबारी और राकेट हमले किए। शहर को पूरी तरह से घेर चुकी रूसी सेना कुछ इलाकों में आगे बढ़ी है। गवर्नर सेरही गैदाई ने माना है कि शहर के मुख्य इलाके रूसी सेना के कब्जे में चले गए हैं। पड़ोसी शहर लिसिचांस्क में रूसी हमलों से कई बड़ी इमारतें ध्वस्त हो गई हैं। रूसी सेना एक बार फिर खार्कीव पर कब्जे की कोशिश में जुटी है।
Next Story