विश्व

चीन से दुनिया की फैक्टरी का दर्जा छीन सकता है वियतनाम

Subhi
26 Jun 2022 12:48 AM GMT
चीन से दुनिया की फैक्टरी का दर्जा छीन सकता है वियतनाम
x
जमीन की कम कीमतों, श्रमिकों के कम वेतन और फैक्टरियां व गोदाम चलाने पर कर्म खर्च की खासियतोें के चलते वियतनाम जल्द ही चीन से दुनिया की फैक्टरी का दर्जा छीन सकता है।

जमीन की कम कीमतों, श्रमिकों के कम वेतन और फैक्टरियां व गोदाम चलाने पर कर्म खर्च की खासियतोें के चलते वियतनाम जल्द ही चीन से दुनिया की फैक्टरी का दर्जा छीन सकता है।

ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के मैन्यूफैक्चरिंग हब गुआंगडोंग प्रांत और शंघाई में ओमिक्रॉन वायरस के कारण सामानों की आपूर्ति कमजोर पड़ी तो महामारी के बावजूद वियतनाम के पहली तिमाही के आर्थिक आंकड़े चमकदार दिखने लगे। वियतनाम के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2022 की पहली तिमाही में उसकी अर्थव्यवस्था ने पिछले साल के मुकाबले 5.03 फीसदी की बढ़त हासिल की। इसके मुकाबले चीन की वृद्धि दर केवल 4.8 फीसदी रही। इस तिमाही में वियतनाम का विदेश व्यापार 17635 करोड़ डॉलर पहुंच गया। पिछले साल के मुकाबले इसमें 14.4 फीसदी की बढ़त हासिल हुई। इधर चीन का पहली तिमाही में कारोबार युआन में 10.7 फीसदी की दर से बढ़ा।

इसके अलावा, विदेशी निवेशक और अन्य विदेशों में स्थित कारोबारी वियतनामी बाजार में पैसा लगा रहे हैं। ग्लोबल टाइम्स ने बताया कि ब्रिटेन से पीछे हटने के बाद बड़े कारोबारी ली का-शिंग ने वियतनाम में आधारभूत ढांचे पर अरबों का निवेश किया है। दक्षिण एशिया में जैसे-जैसे महामारी प्रतिबंध हट रहे हैं और चीन के बड़े शहरों में ओमिक्रॉन का डर बढ़ रहा है, उससे चीन के फैक्टरी ऑर्डर बाहर जाने की खबरें हेडलाइन बनने लगी हैं। ऐसे में खरीदार दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर निर्भरता कम कर वियतनाम जैसे देशों की ओर रुख कर सकते हैं।

वियतनाम ने चीन का अनुसरण कर लागू किए आर्थिक सुधार

चीन ने सुधार लागू करते हुए 1978 में खुलना शुरू किया था। वियतनाम ने उसका अनुसरण करते हुए अपने बाजार में 'दोई मोई' नाम से मशहूर आर्थिक सुधार 1986 में शुरू किए थे। पिछले कुछ दशकों में दोनों देशों की आर्थिक वृद्धि दर उल्लेखनीय रही है।

अमेरिका से तनातनी के कारण अन्य देशों में गया कारोबार

अमेरिका और चीन के बीच 2018 में व्यापार युद्ध शुरू हुआ। दोनों देशों के विवाद से वियतनाम और मैक्सिको जैसे उभरते देशों को सर्वाधिक लाभ हुआ। वियतनाम के अमेरिका के साथ व्यापार में 2018 के बाद तेज बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, वियतनाम को अमेरिका के साथ कारोबार में 2021 में 8100 करोड़ डॉलर का सर्वाधिक लाभ हुआ। 2020 में यह केवल 6300 करोड़ डॉलर था। निकट भविष्य में भी वियतनाम विदेशी निवेश और सप्लाई चेन विविधीकरण के लिए आकर्षक रहेगा।


Next Story