विश्व

एनवीडिया प्रमुख की वापसी पर अमेरिकी सीनेटर ने ट्रंप प्रशासन से मांगा जवाब

jantaserishta.com
26 Nov 2026 8:56 AM IST
एनवीडिया प्रमुख की वापसी पर अमेरिकी सीनेटर ने ट्रंप प्रशासन से मांगा जवाब
x
वाशिंगटन: अमेरिकी सीनेटर कोरी बुकर ने एनवीडिया में उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग की वापसी से जुड़े सावलों का जवाब मांगा है। उन्होंने इस मामले में अमेरिकी सरकार के अधिकारियों की भूमिका का खुलासा करने को कहा है। कंपनी से यह भी स्पष्ट करने को कहा गया है कि इस दौरान निर्यात नियंत्रण और प्रतिस्पर्धा संबंधी कानूनों के प्रवर्तन को लेकर कोई चर्चा हुई थी या नहीं।
न्यू जर्सी से डेमोक्रेटिक सीनेटर बुकर ने एनवीडिया के बोर्ड अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स को पत्र लिखकर 16 दिसंबर तक जवाब देने की मांग की है। उन्होंने कंपनी से 1 जनवरी 2026 से इस मामले से जुड़े सभी प्रासंगिक दस्तावेज और रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को भी कहा है।
बुकर अमेरिकी सीनेट की न्यायपालिका समिति की एंटीट्रस्ट उपसमिति में शीर्ष डेमोक्रेटिक सदस्य हैं। उन्होंने सवाल उठाया है कि क्या एनवीडिया की बाजार में मजबूत स्थिति उसे उन सरकारी अधिकारियों पर अनुचित प्रभाव डालने की क्षमता देती है, जिनकी जिम्मेदारी कंपनी की निगरानी करना है।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा, " व्हाइट हाउस का हस्तक्षेप इस तरह की स्थिति को प्रदर्शित करता दिखाई देता है।" सीनेटर ने एनवीडिया से संघीय अधिकारियों के साथ हुई बातचीत का विवरण मांगा है। इसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर दिए गए आश्वासनों के साथ-साथ कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़ी संभावित आपराधिक जांच या कानूनी जवाबदेही के मुद्दे भी शामिल हैं।
बुकर ने यह भी जानना चाहा है कि हुआंग के पद छोड़ने या दोबारा जिम्मेदारी संभालने से कंपनी की बाजार स्थिति और उसके ग्राहकों पर क्या प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने इस संबंध में कंपनी के निदेशक मंडल को उपलब्ध कराए गए विश्लेषणों का विवरण मांगा है।
सीनेटर के अनुसार, एनवीडिया का सॉफ्टवेयर इकोसिस्टम और ग्राहकों में किया गया निवेश कंपनी की बाजार में मजबूत स्थिति को और बढ़ा सकता है। इससे ग्राहकों के लिए दूसरे चिप निर्माता कंपनियों की ओर जाना मुश्किल हो सकता है और प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो सकती है।
एनवीडिया ने सोमवार को घोषणा की थी कि निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से जेनसन हुआंग को दोबारा कंपनी का अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक नियुक्त करने का फैसला किया है। कंपनी ने कहा था कि हुआंग के साथ बातचीत के बाद बोर्ड ने यह निर्णय लिया।
कंपनी के मुताबिक, अमेरिका के वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से मिले सुझावों ने निदेशक मंडल को यह भरोसा दिलाया कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। हालांकि, एनवीडिया ने उन अधिकारियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए।
कंपनी ने यह भी बताया कि स्वतंत्र निदेशकों की ओर से शुरू की गई जांच जारी रहेगी। यह जांच उन खबरों के बाद शुरू की गई थी, जिनमें दावा किया गया था कि विदेशी खुफिया एजेंसी की ओर से हुआंग को निशाना बनाया गया था। एनवीडिया के अनुसार, हुआंग इस जांच का समर्थन कर रहे हैं और इसमें सहयोग कर रहे हैं।
इसके अलावा, निदेशक मंडल ने व्यापार अनुपालन और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े जोखिमों की निगरानी के लिए एक अलग राष्ट्रीय सुरक्षा एवं निर्यात नियंत्रण समिति गठित की है।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story