विश्व

हैती राष्ट्रपति की हत्या मामले में अमेरिकी कोर्ट ने फ्लोरिडा के पादरी को ठहराया दोषी

jantaserishta.com
19 Nov 2026 9:59 AM IST
हैती राष्ट्रपति की हत्या मामले में अमेरिकी कोर्ट ने फ्लोरिडा के पादरी को ठहराया दोषी
x
मियामी: अमेरिका के फ्लोरिडा में रहने वाले हैती मूल के पादरी क्रिश्चियन इमैनुएल सैनोन को कोर्ट ने वर्ष 2021 में हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइज की हत्या से जुड़ी साजिश का दोषी ठहराया है। मियामी की संघीय अदालत में करीब आठ सप्ताह तक चली सुनवाई के बाद बुधवार को यह फैसला आया। सैनोन को उम्रकैद तक की सजा हो सकती है।
68 वर्षीय सैनोन पर राष्ट्रपति मोइज की हत्या की साजिश रचने और उन्हें सत्ता से हटाकर खुद राष्ट्रपति बनने की योजना में शामिल होने का आरोप था। अभियोजन पक्ष ने अदालत में कहा कि दक्षिण फ्लोरिडा इस साजिश की योजना बनाने और उसके लिए धन जुटाने का प्रमुख केंद्र था। साजिश में शामिल लोगों ने शुरुआत में मोइज की जगह सैनोन को राष्ट्रपति बनाने की योजना बनाई थी।
अभियोजकों के मुताबिक, सैनोन ने साजिश के लिए धन जुटाने में मदद की और हैती की यात्रा तथा वहां ठहरने की व्यवस्था भी की। इस योजना में अमेरिका की दो कंपनियों के जरिए कोलंबिया के पूर्व सैनिकों को भर्ती किया गया था। इन लोगों ने कथित तौर पर अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) के एजेंट होने का दिखावा करते हुए राष्ट्रपति के आवास पर धावा बोला था।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, सैनोन ने अदालत में अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया। उन्होंने स्वीकार किया कि एक समय उनकी उन लोगों से बातचीत हुई थी जो मोइज को सत्ता से हटाकर नया राष्ट्रपति लाना चाहते थे, लेकिन उनका कहना था कि हत्या से काफी पहले ही साजिशकर्ताओं ने किसी दूसरे उम्मीदवार को समर्थन देना शुरू कर दिया था। उन्होंने राष्ट्रपति की हत्या की योजना की जानकारी होने से भी इनकार किया।
हैती में 7 जुलाई 2021 की रात राष्ट्रपति मोइज की उनके निजी आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमले में उनकी पत्नी मार्टिन मोइज भी घायल हुई थीं। उन्हें इलाज के लिए फ्लोरिडा ले जाया गया था। उन्होंने सैनोन के मुकदमे में अहम गवाह के रूप में बयान दिया। मार्टिन मोइज ने अब एक दशक से अधिक समय बाद होने वाले हैती के पहले राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी भी दर्ज कराई है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, साजिश का खाका अप्रैल 2021 में दक्षिण फ्लोरिडा में सैनोन, हैती के एक पूर्व सीनेटर, और कुछ अमेरिकी कारोबारियों की बैठक के बाद तैयार हुआ। योजना थी कि सैनोन के सत्ता में आने पर फ्लोरिडा की दो कंपनियों को बुनियादी ढांचे, सुरक्षा बलों और सैन्य उपकरणों से जुड़े ठेके दिए जाएंगे। शुरुआत में सैनोन की सुरक्षा के लिए कोलंबिया के करीब 18 पूर्व सैनिकों को भी नियुक्त किया गया था।
हालांकि, जून 2021 तक साजिशकर्ताओं को लगा कि सैनोन के पास राष्ट्रपति बनने के लिए न तो संवैधानिक पात्रता है और न ही पर्याप्त जनसमर्थन। इसके बाद उन्होंने हैती के पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश वेंडेल कोक थेलो को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया। थेलो की जनवरी 2025 में फरार रहते हुए मौत हो गई थी।
इस मामले में अमेरिकी अभियोजकों ने 40 से अधिक लोगों पर आरोप लगाए हैं और करीब एक दर्जन लोगों को दोषी ठहराया जा चुका है। इनमें पांच लोग उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। सैनोन का मामला पहले चार अन्य आरोपियों के साथ चलना था, जिन्हें इस साल की शुरुआत में दोषी ठहराया गया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उनकी सुनवाई अलग कर दी गई थी।
मोइज की हत्या के बाद से हैती में राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा बढ़ी है। सशस्त्र गिरोहों का प्रभाव राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस और आसपास के इलाकों में फैल गया है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, हिंसा के कारण करीब 15 लाख लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story