विश्व
ईरान के परमाणु खतरे से निपटने के लिए इजरायल में यूनिटी गवर्नमेंट जरूरी : नेतन्याहू
jantaserishta.com
15 Nov 2026 8:26 AM IST

x
तेल अवीव: इजरायल के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बार फिर यूनिटी गवर्नमेंट ( राष्ट्रीय एकता सरकार) बनाने की अपील की है। दावा किया है कि ईरान का अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से सक्रिय करने का प्रयास इजरायल के अस्तित्व को चोट पहुंचा सकता है। इससे निपटने के लिए देश के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को एक साथ आना होगा।
शनिवार (स्थानीय समय) को प्री रिकॉर्डेड संबोधन में, नेतन्याहू ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी गादी आइसेनकोट (जिन्हें इजरायल की अगली सरकार बनाने का काम सौंपा गया है) से आग्रह किया कि वे बिना किसी पूर्व शर्त के गठबंधन वार्ता में शामिल हों।
कार्यवाहक पीएम ने आरोप लगाया, "ईरान का शासन फिर से अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में जुटा है। परमाणु हथियारों के तेजी से विकास की स्थिति में इजरायल के सामने अस्तित्व का खतरा पैदा हो सकता है।"
नेतन्याहू के मुताबिक, इजरायल को इस खतरे को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना होगा। नेतन्याहू ने अपने बयान में 'एम क्लावी' और 'शागात हारी' नाम से सैन्य अभियानों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन कार्रवाइयों से इजरायल ने तत्काल विनाश के खतरे को टाला था।
आइजेनकोट के साथ गुरुवार को हुई मुलाकात के बाद उन्होंने शनिवार को ये वीडियो जारी किया। अक्टूबर में हुए चुनावों में नेतन्याहू के दक्षिणपंथी गठबंधन ने संसद में अपना बहुमत खो दिया। जिसके बाद राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने पूर्व सैन्य प्रमुख आइजेनकोट को सरकार बनाने के लिए 28 दिन का समय दिया, जरूरत पड़ने पर इसे 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है। जब तक नई सरकार नहीं बन जाती, तब तक नेतन्याहू कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे।
इस हफ्ते की शुरुआत में, नेतन्याहू ने एक 'राष्ट्रीय एकता सरकार' बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ईरान से बढ़ते खतरे को देखते हुए देश का एकजुट रहना जरूरी है। इजरायल की नवनिर्वाचित संसद के पहले सत्र के अपने संबोधन में नेतन्याहू ने चेतावनी दी कि देश पर जल्द ही एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय दबाव आ सकता है। यह दबाव ईरान को परमाणु हथियारों से लैस देश के रूप में स्वीकार करने और वहां के मौजूदा शासन को बनाए रखने के लिए हो सकता है। नेतन्याहू ने आरोप लगाया कि यह शासन इजरायल के अस्तित्व के लिए ही खतरा है।
नेतन्याहू ने कहा, "बहुत जल्द, हमें एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय दबाव का सामना करना पड़ सकता है जिसमें हमसे ईरान को परमाणु हथियारों से लैस देश के रूप में स्वीकार करने और इस 'आतंकी शासन' को बनाए रखने के लिए कहा जाए, जो हमें पूरी तरह खत्म करना चाहता है।"
हालांकि, उनके इस बयान पर इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) के पूर्व प्रमुख गादी आइजेनकोट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कार्यवाहक प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि वे एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवसर का इस्तेमाल अपने राजनीतिक स्वार्थों को साधने के लिए कर रहे हैं। नेतन्याहू के भाषण को "शर्मनाक" बताते हुए, आइजेनकोट ने सवाल उठाया कि क्या वे इस पद पर बने रहने के लायक हैं भी या नहीं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





