विश्व

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी जानकारी, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच आपरेशन गंगा के तहत आज 3,726 भारतीयों की होगी घर वापसी

Bhumika Sahu
3 March 2022 5:59 AM GMT
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दी जानकारी, रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच आपरेशन गंगा के तहत आज 3,726 भारतीयों की होगी घर वापसी
x
Russia Ukraine War रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के आठवें दिन फिर से वार्ता होगी। हालांकि इस वार्ता से पहले रूस के यूक्रेन पर हमले लगातार जारी है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों को निशाना बना रहा है। जिसके चलते भारत सरकार अपने नागरिकों को निकाल रही है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध का आज आठवां दिन है। युद्ध के बीच एक बार फिर रूस और यूक्रेन बातचीत करेगा। दोनों देशों के बीच गुरुवार को पोलैंड-बेलारूस बार्डर पर वार्ता होगी। वहीं, इस बीच यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना ने भी अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को पोलैंड से भारतीय वायु सेना का तीसरा C-17 विमान हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारतीय नागरिकों का स्वागत किया। इस बीच मास्को ने कहा है कि यूक्रेन में उसके 498 सैनिक मारे जा चुके हैं। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक यूक्रेन में 227 मौतें हो चुकी हैं वहीं 525 लोग जख्मी हुए हैं।

आपरेशन गंगा के तहत आज 3,726 भारतीयों की होगी घर वापसी
आपरेशन गंगा के तहत यूक्रेन में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। इसी बीच केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आपरेशन गंगा से जुड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आपरेशन गंगा के तहत 3,726 भारतीयों को आज भारत वापस लाया जाएगा। इनमें बुखारेस्ट से 8 फ्लाइट, सुसेवा से 2 फ्लाइट, कोसिसे से 1 फ्लाइट, बुडापेस्ट से 5 फ्लाइट और रेजजो से 3 फ्लाइट भारत आएंगी।
भारतीय वायु सेना का आपरेशन जारी
भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए वायुसेना यूक्रेन के आसपास में विभिन्न स्थानों के लिए तीन और उड़ानें आपरेट कर रही है।
क्वाड लीडर्स की वर्चुअल बैठक में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आज अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइउन, आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्काट मारिसन और जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के साथ क्वाड लीडर्स की वर्चुअल बैठक में हिस्सा लेंगे।
परिजनों ने किया अपने बच्चों का स्वागत
यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को लेकर बुडापेस्ट से विशेष विमान दिल्ली के हवाई अड्डे पर पहुंचा। इस दौरान एयरपोर्ट पर छात्रों के परिजनों ने उनका स्वागत किया।
आपरेशन गंगा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है- रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने भारतीय वायु सेना और विमान कंपनियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपरेशन गंगा सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है, हम यूक्रेन से लौटने वाले हर छात्र की देखभाल कर रहे हैं। हमारे चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन के विभिन्न पड़ोसी देशों में निकासी अभियान के हर पहलू का ध्यान रख रहे हैं।
विदेश मंत्रालय का बयान, कई छात्रों ने छोड़ा खारकिव
यूक्रेन में फंसे भारतीयों को लेकर विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यूक्रेन में हमारा दूतावास वहां फंसे भारतीय नागरिकों के साथ लगातार संपर्क में है। यूक्रेनी अधिकारियों के सहयोग से कई छात्रों ने कल खारकिव को छोड़ दिया है। हमें किसी छात्र को बंधक बनाए जाने की कोई सूचना नहीं मिली है।
हिंडन एयरबेस पहुंचा वायुसेना का चौथा विमान
यूक्रेन में फंसे छात्रों को लेकर भारतीय वायुसेना का चौथा विमान बुखारेस्ट से हिंडन एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने छात्रों का स्वागत किया।


Next Story