विश्व
UN ने बाढ़ से तबाह पाकिस्तान के कई इलाकों का दौरा किया, जलवायु परिवर्तन को लेकर चेताया
Rounak Dey
10 Sep 2022 9:00 AM GMT

x
उन्होंने कहा, 'मानवता प्रकृति के खिलाफ युद्ध छेड़ दी है और प्रकृति ने पलटवार किया है।'
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरस (UN Chief Antonio Guterres) ने शनिवार को बाढ़ से तबाह पाकिस्तान के कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पाकिस्तान में रिकार्ड मानसून बारिश और ग्लेशियर पिघलने से आई बाढ़ का जायजा लिया, जिसमें अब तक 1,391 से अधिक लोग मारे गए हैं। कई हिस्सों में घरों, सड़कों, रेलवे पटरियों, पुलों, पशुधन और फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। पाकिस्तान में विनाशकारी बाढ़ के बाद उत्पन्न स्थिति के बारे में जानकारी जुटाने के लिए वह दो दिवसीय यात्रा पर आए थे।
जलवायु परिवर्तन को ठहराया जिम्मेदार
पाकिस्तान के एक बड़े हिस्से को पानी ने अपने चपेट में ले लिया है और लाखों लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं। सरकार का कहना है कि लगभग 33 मिलियन लोगों का जीवन बाधित हो गया है। पाकिस्तान ने 30 अरब डालर के नुकसान का अनुमान लगाया है। पाकिस्तान सरकार और संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुटेरस दोनों ने इसके लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार ठहराया है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने शनिवार को सिंध प्रांत का दौरा किया। इससे पहले बुरी तरह प्रभावित प्रांत बलूचिस्तान के रास्ते में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों का हाल जाना।
पाकिस्तान को मदद की जरूरत
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यालय द्वारा जारी एक वीडियो के अनुसार, सिंध पहुंचने के बाद गुटेरस ने कहा, 'त्रासदी के इस तरह के विकराल रूप को देखकर गहराई से महसूस नहीं करना मुश्किल है।' सूचना मंत्री मरियम औरंगजेब द्वारा जारी एक वीडियो में गुटेरस ने कहा, 'पाकिस्तान को बड़े पैमाने पर आर्थिक मदद की जरूरत है। यह उदारता की बात नहीं है, यह न्याय की बात है।' गुटेरस ने हेलीकाप्टर से नुकसान का सर्वे करते हुए बाढ़ की स्थिति को अविश्वसनीय बताया।
बारिश ने 30 वर्षों का तोड़ा रिकार्ड
बता दें कि पाकिस्तान में जुलाई और अगस्त में 15.4 प्रतिशत बारिश दर्ज हुई है और करीब पिछले 30 वर्षों की तुलना में 190 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। पाकिस्तान के सिंध में सामान्य से 466 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि दुनिया को जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा, 'मानवता प्रकृति के खिलाफ युद्ध छेड़ दी है और प्रकृति ने पलटवार किया है।'
Next Story