विश्व

जपोरीजिया परमाणु संयंत्र का निरीक्षण करने यूक्रेन पहुंची संयुक्त राष्ट्र की टीम

Rounak Dey
1 Sep 2022 2:40 AM GMT
जपोरीजिया परमाणु संयंत्र का निरीक्षण करने यूक्रेन पहुंची संयुक्त राष्ट्र की टीम
x
कम समय के लिए वीजा जारी करने में अधिक समय लगाएंगे और शुल्क भी बढ़ाएंगे।

संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आइएईए) की एक टीम जपोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र का निरीक्षण करने यूक्रेन पहुंची है। बुधवार को यह टीम गाड़ियों के काफिले के साथ कीव से संयंत्र के लिए रवाना हुई। पिछले दिनों के दौरान इस परमाणु संयंत्र के आसपास भीषण बमबारी होने से चेर्नोबिल की तरह रेडिएशन फैलने का खतरा बढ़ गया है। 1986 में यूक्रेन के चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र में भीषण हादसा हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में रेडिएशन फैल गया था और लाखों लोग उसकी चपेट में आए थे और कई की मौत हुई थी।


रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार रात तक यह टीम जपोरीजिया शहर पहुंच जाएगी। रात्रि विश्राम के बाद टीम गुरुवार को परमाणु ऊर्जा संयंत्र का दौरा करेगी। इस समय जपोरीजिया शहर पर रूस का कब्जा है। वहां तैनात रूसी अधिकारियों का कहना है कि एक दिन में निरीक्षण का काम पूरा हो जाएगा, लेकिन आइएईए और यूक्रेन के अधिकारियों का कहना है कि संभावित नुकसान का पता लगाने में ज्यादा समय लग सकता है। जपोरीजिया रवाना होने से पहले आइएईए के प्रमुख राफेल ग्रोसी ने रायटर से कहा, 'छह महीने के अथक प्रयास के बाद हम अब आगे बढ़ रहे हैं। वहां कुछ दिन रुकने की योजना है। संयंत्र में वास्तविक स्थिति का आकलन करने, हालात को स्थिर करने के साथ ही उनकी टीम को बहुत ही महत्वपूर्ण काम करने हैं।'


मार्च से ही रूस के कब्जे में है संयंत्र
इस परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूस ने विशेष सैन्य अभियान चलाकर इस साल मार्च में कब्जा कर लिया था। रूस और यूक्रेन दोनों ने ही एक-दूसरे पर बमबारी और ड्रोन हमले के जरिये इस संयंत्र की सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया है।

यूक्रेन ने रूस पर संयंत्र को ढाल बनाने का लगाया आरोप
यूक्रेन ने आरोप लगाया कि रूस इस संयंत्र की आड़ में उसके दूसरे शहरों पर हमले कर रहा है, क्योंकि वह जानता है कि हम कीव जवाबी हमले नहीं कर सकता है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने मंगलवार को कहा था कि जपोरीजिया परमाणु ऊर्जा संयंत्र और उसके आसपास के क्षेत्रों में रूसी कार्रवाइयों के चलते रेडिएशन फैलने का खतरा कम नहीं हुआ है। हालांकि, रूसी रक्षा मंत्रालय का कहना है कि संयंत्र में रेडिएशन का स्तर सामान्य है।

रूस ने नार्ड स्ट्रीम 1 से गैस सप्लाई रोकी
रूसी सरकारी नियंत्रण वाली कंपनी गैजप्रोम ने यूरोप को नार्ड स्ट्रीम 1 पाइपलाइन के जरिये गैस की सप्लाई बुधवार को तड़के रोक दी। कंपनी ने पहले ही कहा था कि वह कंप्रेशर स्टेशन पर नियमित रखरखाव के लिए शनिवार तक के लिए गैस आपूर्ति रोकेगी।

रूसी नागरिकों के लिए यात्रा नियम सख्त करेगा यूरोपीय संघ
यूरोपीय संघ के देश रूसी नागरिकों के लिए यात्रा संबंधी नियमों को और सख्त करेंगे। इससे रूसी नागरिकों के लिए 27 देशों के संघ में प्रवेश करना और कठिन हो जाएगा। हालांकि, इन देशों के बीच रूसी पर्यटकों और वीजा पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के मुद्दे पर सहमति नहीं बन पाई। यूरोपीय संघ के देश रूसी नागरिकों को कम समय के लिए वीजा जारी करने में अधिक समय लगाएंगे और शुल्क भी बढ़ाएंगे।

Next Story