
x
संयुक्त राष्ट्र, (आईएएनएस)| संयुक्त राष्ट्र की महिला कार्यकारी निदेशक सीमा बहौस ने विश्वविद्यालय में छात्राओं को प्रतिबंधित किए जाने के बाद अफगान महिलाओं के उच्च शिक्षा के अधिकार को बहाल करने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि यह जितना भयावह है उतना ही अदूरदर्शी भी है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सीमा बहौस ने तालिबान द्वारा संचालित प्रशासन से महिलाओं और लड़कियों के पूर्ण अधिकारों को तत्काल बहाल करने का आह्वान किया है। जिसमें शिक्षा के अधिकार के साथ-साथ काम करने और पब्लिक लाइफ में हिस्सा लेने का अधिकार शामिल है।
सीमा बहौस ने कहा कि महिलाओं ने हमेशा अफगानिस्तान के विकास को आकार देने और इसकी शांति, सुरक्षा और लचीलेपन का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लेकिन महिलाओं की उच्च शिक्षा को समाप्त करना, उनके ऐतिहासिक योगदान को अनदेखा करके उन्हें उनकी भविष्य की और उनके देश की क्षमता से अलग करना है।
सीमा बहौस ने आगे कहा कि शिक्षा के बिना अफगान महिलाओं और लड़कियों की एक पीढ़ी के पास वे हुनर नहीं होंगे जिनकी उन्हें अपने देश के विकास में पूर्ण योगदान देने के लिए जरूरत है। शिक्षा के बिना भागीदारी और नेतृत्व के उनके रास्ते और बाधित हो जाते हैं।
मंगलवार को तालिबान शासन के शिक्षा मंत्रालय ने कहा कि औपचारिक शिक्षा तक महिलाओं की पहुंच को और प्रतिबंधित करने का फैसला एक कैबिनेट बैठक में लिया गया। जो अनिश्चितकालीन प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगा। गौरतलब है कि अगस्त 2021 में अफगानिस्तान पर तालिबान ने कब्जा कर लिया था। इसके बाद तालिबान ने लड़कियों को उच्च शिक्षा से दूर कर दिया था।
--आईएएनएस
Next Story