विश्व
यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी में शामिल होगी 90 अरब डॉलर के अमेरिकी हथियारों की खरीद : जेलेंस्की
jantaserishta.com
19 Aug 2025 9:35 AM IST

x
वाशिंगटन: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बताया है कि व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूरोपीय नेताओं के साथ उनकी बातचीत में यूक्रेन के लिए 90 अरब डॉलर के अमेरिकी हथियार खरीदने की योजना शामिल है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह खरीदारी यूरोपीय फंड से की जाएगी और यह यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी का हिस्सा होगी।
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि सुरक्षा गारंटी का एक हिस्सा यूक्रेन में ड्रोन निर्माण होगा, जिनमें से कुछ अमेरिका द्वारा खरीदे जाएंगे। व्हाइट हाउस की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि इस पर अभी चर्चा चल रही है और कोई औपचारिक समझौता नहीं हुआ है। अगले एक से डेढ़ हफ्ते में समझौता अंतिम रूप ले लेगा।
एक प्रमुख अखबार के हवाले से दस्तावेज के अनुसार, इस प्रस्ताव में अमेरिकी भागीदारों के साथ 50 अरब डॉलर का ड्रोन उत्पादन सौदा भी शामिल है। जेलेंस्की और ट्रंप की व्हाइट हाउस में मुलाकात से पहले एक प्रस्ताव पैकेज तैयार किया गया। यह पैकेज ट्रंप के अमेरिकी उद्योग के आर्थिक फायदों पर जोर को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
जब भविष्य की सहायता के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने कहा कि हम कुछ भी मुफ्त में नहीं दे रहे, हम हथियार बेच रहे हैं। दस्तावेज में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि "स्थायी शांति रियायतों और पुतिन को मुफ्त उपहार देने पर आधारित नहीं होगी, बल्कि एक मजबूत सुरक्षा ढांचे पर आधारित होगी जो भविष्य में होने वाली आक्रामकता को रोकेगी।"
यूक्रेन ने रूस के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, जिसमें डोनेट्स्क और लुहान्स्क के कुछ हिस्सों से सैनिक हटाने के बदले वॉर फ्रंटलाइन को स्थिर रखने की बात थी। यूक्रेन ने चेतावनी दी है कि ऐसी रियायतें मास्को को देश में और अंदर तक घुसने का मौका दे सकती हैं। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने वाशिंगटन में जेलेंस्की और ट्रंप के साथ बोलते हुए कहा कि पहले युद्ध विराम होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि अगली बैठक बिना युद्धविराम के हो सकती है।
यूक्रेन का दस्तावेज कहता है कि रूस को युद्ध के नुकसान की भरपाई करनी चाहिए, संभवतः पश्चिमी देशों में रखे गए 300 अरब डॉलर के जमे हुए रूसी संपत्तियों के माध्यम से। दस्तावेज में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि किसी भी प्रतिबंध में ढील तभी दी जानी चाहिए जब मास्को शांति समझौते का पालन करे। ये प्रस्ताव ट्रंप और पुतिन की अलास्का में हुई मुलाकात के कुछ दिन बाद आए, जहां ट्रंप ने 'बड़ी प्रगति' की बात कही, लेकिन युद्ध खत्म करने का कोई समझौता नहीं हुआ।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





