विश्व

यूक्रेन का मक्‍का लेकर रवाना हुआ कार्गो शिप, दुनिया के लिए महंगाई पर राहत भरी खबर

Neha Dani
1 Aug 2022 10:15 AM GMT
यूक्रेन का मक्‍का लेकर रवाना हुआ कार्गो शिप, दुनिया के लिए महंगाई पर राहत भरी खबर
x
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हमले जारी हैं और अब पूर्वी दोनबास इलाके में खूनी जंग चल रही है।

अंकारा: रूस और यूक्रेन में जंग के बीच खाद्यान संकट का सामना कर रही दुनिया के लिए अच्‍छी खबर है। रूसी आक्रमण के बाद पहली बार यूक्रेन से अनाज ले कर एक जहाज उसके ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो गया है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने बताया कि मालवाहक जहाज 'रज़ोनी' पर सिएरा लियोन (पश्चिमी अफ्रीकी देश) का झंडा लगा था। जाहज ओडेसा के बंदरगाह से लेबनान के लिए रवाना हुआ। संयुक्त राष्ट्र के एक बयान के अनुसार, जहाज 26,000 टन से अधिक मक्का ले जा रहा है।


तुर्की के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जहाज के मंगलवार को इस्तांबुल पहुंचने की उम्मीद है, जहां उसकी जांच की जाएगी। इसके बाद उसे आगे रवाना किया जाएगा। यह मक्का लेबनान भेजा जा रहा है। विश्व बैंक ने छोटे से मध्यपूर्व राष्ट्र लेबनान में जारी संकट को दुनिया के सबसे खराब वित्तीय संकटों में से एक के रूप में वर्णित किया है। यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने कहा, 'आज यूक्रेन, अपने साझेदारों के साथ दुनिया को भुखभरी से बचाने के लिए एक और कदम उठा रहा है।'


यूक्रेन को 2.2 करोड़ टन अनाज निर्यात करने की अनुमति
कुब्राकोव ने कहा कि इससे यूक्रेन को भी मदद मिलेगी। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 22 जुलाई को इस्तांबुल में किए गए सौदों के अनुरूप अन्य जहाज भी सुरक्षित गलियारों के माध्यम से यूक्रेन के बंदरगाहों से रवाना होंगे। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में अधिक जानकारी मुहैया नहीं कराई। गौरतलब है कि रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और यूक्रेन के बुनियादी ढांचा मंत्री ओलेक्सांद्र कुब्राकोव ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और तुर्की के रक्षा मंत्री हुलुसी अकार के साथ इस सिलसिले में अलग-अलग समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

यह समझौता यूक्रेन को 2.2 करोड़ टन अनाज और अन्य कृषि उत्पादों का निर्यात करने की अनुमति देता है। यह अनाज युद्ध के चलते काला सागर के बंदरगाहों पर फंसा हुआ है। सौदा रूस को अनाज और उर्वरक निर्यात करने की भी अनुमति देता है। रूस और यूक्रेन के बीच लगातार हमले जारी हैं और अब पूर्वी दोनबास इलाके में खूनी जंग चल रही है।

Next Story