विश्व

क्रीमिया में तेल निकालने वाले प्लेटफॉर्म पर यूक्रेन का हमला, रूस का दावा- तोशकिवका शहर पर कब्जा

Subhi
22 Jun 2022 1:04 AM GMT
क्रीमिया में तेल निकालने वाले प्लेटफॉर्म पर यूक्रेन का हमला, रूस का दावा- तोशकिवका शहर पर कब्जा
x
रूस के कब्जे वाले क्रीमिया प्रांत में काला सागर से तेल निकालने वाले प्लेटफॉर्म पर यूक्रेन की सेना ने युद्ध के 118वें दिन हमला किया है। करीब चार माह से जारी इस जंग में यूक्रेन ने बाहर किसी बड़े रूसी ठिकाने पर पहली बार हमला किया है।

रूस के कब्जे वाले क्रीमिया प्रांत में काला सागर से तेल निकालने वाले प्लेटफॉर्म पर यूक्रेन की सेना ने युद्ध के 118वें दिन हमला किया है। करीब चार माह से जारी इस जंग में यूक्रेन ने बाहर किसी बड़े रूसी ठिकाने पर पहली बार हमला किया है। उधर, पूर्व के सेवेरोदोनेस्क और लिसिचेंस्क शहरों के बड़े क्षेत्र पर रूसी कब्जा स्वीकारते हुए दक्षिणी प्रांत में हमले बढ़ा दिए हैं।

रूस समर्थित क्षेत्रीय प्रमुख ने जानकारी दी कि क्रीमिया के बाहरी क्षेत्र पर किए गए यूक्रेनी सेना के हमले में तीन लोग घायल हैं जबकि सात कर्मचारी लापता हैं। क्रेमलिन ने भी क्रीमिया में लापता कर्मियों की बात स्वीकारी है। बता दें, क्रीमिया पहले यूक्रेन का ही क्षेत्र था लेकिन 2014 में रूस ने उस पर कब्जा कर लिया।

ब्रिटिश खुफिया सैन्य अफसर ने यूक्रेनी सेना द्वारा पश्चिम की दी हुई हार्पून एंटी-शिप मिसाइलों के पहली बार सफल इस्तेमाल का दावा किया। उधर, रूसी सेना ने मंगलवार तड़के पूर्वी यूक्रेन के सेवेरोदोनेस्क शहर के पास सिवरस्की दोनेस्क नदी क्षेत्र तथा तोशकिवका शहर पर कब्जा करने का दावा किया।

यूरोपीय परिषद की बैठक से पहले रूस और बढ़ाएगा हमले : जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूरोपीय संघ (ईयू) में उनके देश को शामिल करने को लेकर परिषद की बैठक से पूर्व रूस हमले और तेज करेगा। इस सप्ताह के अंत में होने वाले सम्मेलन में ईयू नेता यूक्रेन की सदस्यता का समर्थन कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस संबंध में अमेरिका ने तुर्की को भी मना लेने का दावा किया था। इस तरह यूक्रेन का विरोध कम हो सकता है।

सेवेरोदोनेस्क पर हमले के लिए रूसी सेना ने जुटाए हथियार

लुहांस्क के सैन्य प्रमुख ने सेवेरोदोनेस्क शहर पर होने वाले रूसी हमले को लेकर आगाह किया है। सेरही हेयडे ने कहा रूसी सेना के पास शहर में बड़े पैमाने हमले के लिए पर्याप्त हथियार मौजूद है। उसने क्षेत्र के आस-पास भारी सैन्य उपकरण तैनात किए हैं। यहां शहर के अधिकांश हिस्से पर रूसी सेना का कब्जा है, सिर्फ औद्योगिक इलाके में फिलहाल लड़ाई जारी है।

ओडेसा बंदरगाह पर फंसे 14 देशों के 39 जहाज

रूस-यूक्रेन जंग के कारण यूक्रेनी ओडेसा बंदरगाह में 14 देशों के 39 मालवाहक जहाज फंसे हुए हैं। ये जहाज कालासागर में रूसी नौसेना की नाकाबंदी के चलते चार माह से कहीं नहीं निकल पा रहे हैं। यह जानकारी ओलेसा सैन्य प्रशासन के प्रमुख मैक्सिम मारचेंको ने राष्ट्रपति जेलेंस्की को एक बैठक के दौरान दी। गत दिनों रूसी गोलाबारी से ओडेसा बंदरगाह को भारी नुकसान हुआ है।

रूसी पत्रकार मुरातोव का शांति नोबेल 10.35 करोड़ डॉलर में नीलाम

रूस के पत्रकार दिमित्रि मुरातोव को शांति के लिए मिले नोबेल पुरस्कार की नीलामी 10.35 करोड़ डॉलर में हुई है। एक अनजान खरीदार ने इस नोबेल प्राइस को खरीदा जो मुरातोव को पिछले साल फिलीपींस की पत्रकार मारिया रसा के साथ फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन की रक्षा के लिए मिला था। उन्होंने पुरस्कार राशि का बड़ा हिस्सा युद्धग्रस्त यूक्रेन के अनाथ बच्चों पर खर्च करने का फैसला किया है, ताकि बच्चों को उनका भविष्य लौटाया जा सके।


Next Story