यूक्रेन ने अब वोवचांस्क पर भी हासिल किया नियंत्रण, रूसी सैनिक भागे

यूक्रेन की सेना लगातार रूसी सैनिकों को झटके दे रही है। जवाबी हमले से उन्हें खदेड़ रही है। खबर आ रही है कि यूक्रेन ने अब वोवचांस्क पर भी नियंत्रण हासिल कर लिया है। यह शहर रूस से सिर्फ 3 किमी की दूरी पर स्थित है। रूसी सैनिकों ने युद्ध के पहले दिन ही इसपर कब्जा कर लिया था। इसके अलावा रूसी सैनिक दक्षिणी शहर मेलिटोपोल को भी छोड़कर भाग रहे हैं। एसोसिएटेड प्रेस समाचार एजेंसी के अनुसार, मेयर इवान फेडोरोव ने टेलीग्राम पर इसकी जानकारी दी है।
इससे पहले रूस ने शनिवार को उत्तरपूर्वी यूक्रेन में अपना मुख्य गढ़ छोड़ दिया था। युद्ध के शुरुआती दिनों के बाद से अब तक की यह रूस की सबसे बुरी हार है। यूक्रेनी सैनिकों ने रूस को चौंकाते हुए आश्चर्यजनक बदलाव किया। उन्होंने अपने दर्जनों शहरों को फिर से अपने कब्जा कर लिया है। यूक्रेन के उप रक्षा मंत्री हन्ना मलयार ने कहा कि करीब 150,000 लोगों को रूसी शासन से मुक्त कराया जा चुका है। इन जगहों पर फिर से यूक्रेन के झंडे लहराए गए हैं।
मलयार ने रॉयटर्स को बताया कि पूर्वोत्तर खार्किव क्षेत्र में कहीं और लड़ाई जारी है। यूक्रेन की सेना अच्छी प्रगति कर रही है। उन्होंने कहा, "खार्किव क्षेत्र और उससे आगे - रूसी संघ के कब्जे वाले सभी क्षेत्रों को मुक्त करना मुख्य लक्ष्य है।" यूक्रेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है खार्किव। बलाक्लिया के उत्तर-पश्चिम में एक गांव वर्बिवका में 76 वर्षीय नादिया खवोस्तोक ने यूक्रेनी सैनिकों के आगमन का वर्णन करते हुए कहा कि हमनें "हमारी आंखों में आंसू के साथ" उनका अभिवादन किया। उन्होंने कहा, "हम अधिक खुश नहीं हो सकते थे। मेरे पोते-पोतियों ने ढाई महीने तहखाने में बिताए। जब घर का कोना-कोना टूट गया तो बच्चे कांपने लगे और हकलाने लगे।"
वर्बिवका आए खार्किव क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव ने कहा कि अधिकारी क्षेत्र पर कब्जे के दौरान रूसियों द्वारा किए गए अपराधों को रिकॉर्ड करने और पीड़ितों के शवों को बरामद करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, "हम सभी लोगों से उन सभी दफन स्थानों के बारे में पूछ रहे हैं जो मिल सकते हैं। हमें नागरिकों के दफन के कुछ स्थान मिले हैं। हम उत्खनन की प्रक्रिया जारी रखे हुए हैं।''
