
World वर्ल्ड: यूक्रेन ने शुक्रवार को चीन की तीन कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए हैं। यह कदम राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की द्वारा चीन पर रूस को हथियार आपूर्ति करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद आया है। चीन के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया है और कहा है कि वह युद्ध में शामिल नहीं है।
यूक्रेनी प्रशासन द्वारा जारी संशोधित प्रतिबंध सूची में चीन की बीजिंग एविएशन एंड एयरोस्पेस श्यांघुई टेक्नोलॉजी, रुइ जिन मशीनरी, और झोंगफु शेनयिंग कार्बन फाइबर ज़िनिंग को शामिल किया गया है। इन पर यूक्रेन में व्यापार करने और वहां संपत्ति रखने पर रोक लगा दी गई है, हालांकि कारण स्पष्ट नहीं किया गया।
जेलेंस्की ने दावा किया था कि उनके पास ऐसे सबूत हैं कि कुछ चीनी कंपनियां रूस को गोला-बारूद और गनपाउडर दे रही हैं और कुछ हथियार रूसी जमीन पर बनाए जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई सबूत नहीं दिया।





