
World वर्ल्ड: यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उनके देश की खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली है कि करीब 155 चीनी नागरिक रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में लड़ रहे हैं। हाल ही में पूर्वी यूक्रेन में दो चीनी नागरिकों को पकड़ा गया, जिससे यह मुद्दा और गंभीर हो गया है।
ज़ेलेंस्की का कहना है कि रूस सोशल मीडिया के ज़रिए चीनी नागरिकों की भर्ती कर रहा है और यह जानकारी चीन को पहले से थी। यूक्रेनी एजेंसियों ने कथित लड़ाकों की पहचान और उन्हें सौंपे गए सैन्य यूनिट्स का विवरण भी इकट्ठा किया है। उन्होंने अमेरिका से अपील की है कि वह इस मुद्दे पर रूस से बात करे।
चीन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वे निराधार हैं और बीजिंग हमेशा राजनीतिक समाधान का समर्थक रहा है। चीन का कहना है कि वह अपने नागरिकों को किसी भी विदेशी संघर्ष में शामिल होने से रोकता है।





