विश्व

मॉस्को क्षेत्र की तेल रिफाइनरी पर यूक्रेन ने क‍िया हमला, ट्रंप बोले-रूस को अब समझौता कर लेना चाहिए

jantaserishta.com
16 Jun 2026 5:31 PM IST
मॉस्को क्षेत्र की तेल रिफाइनरी पर यूक्रेन ने क‍िया हमला, ट्रंप बोले-रूस को अब समझौता कर लेना चाहिए
x
नई द‍िल्‍ली: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने यूक्रेन की लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल से मॉस्को क्षेत्र को निशाना बनाने का दावा क‍िया। जेलेंस्की ने कहा क‍ि यूक्रेन ने मॉस्‍को क्षेत्र में करीब 500 किलोमीटर दूर स्थित एक तेल रिफाइनरी पर हमला क‍िया। यह हमला रूस पर दबाव बढ़ाने और युद्ध समाप्त करने की रणनीति का हिस्सा है। यूक्रेन का ये हमला रूस के एक दिन पहले क‍िए गए हमलों के जवाब क‍िया गया।
रूस ने रविवार की रात 70 मिसाइलों और 611 ड्रोन की मदद से यूक्रेन पर ताबड़तोड़ हमले क‍िए। इन हमलों में 60 से अधिक मिसाइलें तो राजधानी कीव में ही दागी गईं। इन हमलों में 11 लोगों की मौत हो गई, जबक‍ि कीव में 35 लोग घायल हुए हैं। पूरे देश में 53 लोग घायल बताए गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोद‍िमीर जेलेंस्‍की ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर बताया, ''इस बार मॉस्को ने भी यूक्रेन की लंबी दूरी तक मार करने वाली क्षमताओं का असर देखा। लगभग 500 किलोमीटर दूर स्थित उसकी एक तेल रिफाइनरी पर हमला किया गया।''
जेलेंस्‍की ने कहा, ''मैं यूक्रेन की सुरक्षा सेवा, मानवरहित सिस्टम बलों, विशेष अभियान बलों, रक्षा खुफिया विभाग और मिसाइल बलों के जवानों का उनके प्रभावी काम के लिए धन्यवाद करता हूं।''यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा क‍ि रूस को हमारे लोगों के खिलाफ अपना युद्ध खत्म करने के लिए मजबूर किया जाना चाहिए। यूक्रेन के लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियार इस दबाव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
यह रूस के हमलों का और उस युद्ध को लंबा खींचने का उचित जवाब है, जिसे अब खत्म होना चाहिए। जेलेंस्‍की ने इस कार्रवाई की सफलता के बाद एसबीयू, एसबीएस, एसएसओ, जीयूआर और मिसाइल फोर्स के लड़ाकों का उनके असरदार काम के लिए धन्यवाद कहा।
वहीं, फ्रांस के एव‍ियन शहर में आयोजि‍त जी-7 बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ने भी रूस पर युद्ध समाप्‍त करके समझौता करने का दबाव बनाया। ट्रंप ने कहा, "रूस को समझौता कर लेना चाहिए। रूस ने बहुत सारे लोग खोए हैं और यूक्रेन ने भी। पिछले महीने दोनों देशों के कुल मिलाकर 35,000 सैनिक मारे गए। यह हर महीने हो रहा है।
ट्रंप ने कहा क‍ि वहां जो हो रहा है, वह पागलपन है। हमारी एक मीटिंग हुई थी और मैंने रविवार को राष्ट्रपति पुतिन से बात की थी। ट्रंप ने कहा क‍ि वे बस लड़ते जा रहे हैं और सैनिक खोते जा रहे हैं। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद से ऐसा कुछ नहीं हुआ है। मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। मुझे लगा था कि इसे सुलझाना सबसे आसान होगा। दोनों नेताओं के बीच काफी मनमुटाव है, हालांकि मैं बाद में उनसे फिर मुलाकात करने वाला हूं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story